मध्य प्रदेश के भिंड में ऐतिहासिक मकान का फर्श धंसा, 15 फीट गहरे गड्ढे में बिस्तर समेत गिरी महिला
मध्य प्रदेश के भिंड में ऐतिहासिक मकान का फर्श अचानक धंस गया. 45 वर्षीय महिला बिस्तर समेत 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरी, रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया.
मध्य प्रदेश के भिंड जिले से एक बेहद हैरान और चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक ऐतिहासिक मकान में बुधवार रात अचानक फर्श धंस जाने से एक 45 वर्षीय महिला अपने बिस्तर समेत करीब 15 फीट गहरे भूमिगत गड्ढे में जा गिरी. गनीमत यह रही कि समय रहते परिवार और पड़ोसियों की सूझबूझ से महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, हालांकि इस दुर्घटना में उन्हें चोटें आई हैं जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.
सिंधिया घराने के इतिहास से जुड़ा है मकान
यह पूरी घटना भिंड शहर के गर्ल्स स्कूल वाली गली में स्थित एक पुराने और ऐतिहासिक मकान में हुई. परिवार के अनुसार, यह मकान कोई आम घर नहीं है, बल्कि इसका इतिहास सिंधिया रियासत के समय से जुड़ा हुआ है. बताया जाता है कि रियासतकाल में यह इमारत एक स्थानीय प्रशासनिक कोर्ट हुआ करती थी। इस ऐतिहासिक भवन से उस दौर में राजस्व वसूली और तमाम प्रशासनिक कामकाज संचालित किए जाते थे. इसी प्रशासनिक कोर्ट के एक हिस्से का इस्तेमाल टैक्स के रूप में वसूले जाने वाले अनाज को सुरक्षित रखने के लिए किया जाता था. स्थानीय भाषा में इस प्रकार के भूमिगत भंडारण स्थल को 'गल्ला खंती' कहा जाता था.
बिस्तर की चादर बदलते वक्त हुआ हादसा
यह डरावनी घटना बुधवार रात करीब सवा नौ बजे की है. घर की मालकिन अपने कमरे में बिस्तर की चादर बदल रही थीं. अचानक तेज आवाज के साथ कमरे का फर्श भरभरा कर नीचे बैठ गया और महिला अपने बिस्तर समेत सीधे करीब 15 फीट नीचे बने गड्ढे में समा गईं. हाइरत की बात यह थी कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय परिवार के अधिकांश सदस्य किसी वैवाहिक या पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने बाहर गए हुए थे. जब परिजन वापस लौटे, तो उन्होंने घर का नजारा बदला हुआ पाया और महिला को अंदर फंसा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए.
मध्यप्रदेश के भिंड में एक घर का फर्श 16 फीट धँस गया। बेडरूम में सो रही महिला पलंग समेत गड्ढे में गिर गई। https://t.co/yqr6fFJTij
— Voice of Kranti Official (@voiceofkranti) November 5, 2026
ऐसे दिया गया रेस्क्यू को अंजाम
घटना के तुरंत बाद परिवार के लोगों ने और आसपास के पड़ोसियों ने हिम्मत दिखाते हुए बिना देर किए सीढ़ियों की मदद से नीचे उतरकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया. कड़ी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया. हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल महिला की हालत स्थिर बनी हुई है.
परदादा रह चुके थे मानद मजिस्ट्रेट
परिवार के इतिहास के बारे में बात करते हुए परिजनों ने बताया कि उनके परदादा पंडित मदन मोहन मिश्रा सिंधिया रियासत के समय में मानद मजिस्ट्रेट के पद पर सेवा दे चुके थे. उन्हें प्रसिद्ध वन खंडेश्वर महादेव मंदिर से जुड़े प्रशासनिक और अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी.
1980 में हुआ था जीर्णोद्धार, पानी के रिसाव से बनी खोखली जमीन
परिजनों के अनुसार, इस पुराने मकान का पुनर्निर्माण और जीर्णोद्धार 1980 के दशक में कराया गया था। उस समय घर की मरम्मत के दौरान इस प्राचीन भूमिगत गड्ढे (गल्ला खंती) को ऊपर से बंद कर दिया गया था. परिवार का मानना है कि पिछले कई दशकों में बारिश या अन्य कारणों से पानी रिसने के कारण बंद पड़े हिस्से की अंदरूनी मिट्टी धीरे-धीरे बहती चली गई. इससे फर्श के ठीक नीचे एक बड़ा और गहरा खोखला हिस्सा बन गया था. बुधवार की रात जब उस हिस्से पर वजन पड़ा, तो वह दशकों पुराना कमजोर ढांचा अचानक ढह गया। हैरानी की बात यह है कि रेस्क्यू के दौरान इस गड्ढे के निचले हिस्से में पानी भी भरा हुआ मिला है. फिलहाल, इस पूरे मामले की स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है और प्रशासन तथा विशेषज्ञ यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि जमीन के नीचे बनी इस प्राचीन संरचना की वर्तमान स्थिति क्या है और भविष्य में इस तरह के जोखिम से कैसे बचा जा सकता है.
