AI छीन सकता है आपकी नौकरी,'सेपियंस' के लेखक ने बताया बचने का 3-पॉइंट फॉर्मूला
AI के बढ़ते प्रभाव के बीच क्या इंसान अपनी नौकरी बचा पाएगा? 'सेपियंस' के लेखक युवाल नोआ हरारी ने बताया है ऐसा कौन सा 3-पॉइंट फॉर्मूला, जो भविष्य में आपको मशीनों से आगे रख सकता है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तेजी से दुनिया को बदल रहा है। इसका असर अब नौकरियों पर भी दिखाई देने लगा है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि भविष्य में अपनी नौकरी और काम की अहमियत बनाए रखने के लिए इंसान को क्या करना चाहिए? इस पर मशहूर इतिहासकार और 'सेपियंस' के लेखक युवाल नोआ हरारी ने एक खास फॉर्मूला सुझाया है। उनके मुताबिक, लोगों को अपनी तीन क्षमताओं पर काम करना चाहिए, जिन्हें उन्होंने हेड, हार्ट और हैंड्स यानी दिमाग, दिल और हाथ का नाम दिया है।
एआई के दौर में केवल कोडिंग के भरोसे रहना सही नहीं
युवाल नोआ हरारी के मुताबिक, एआई के बढ़ते प्रभाव के बीच सिर्फ एक तकनीकी स्किल सीख लेना भविष्य के लिए पर्याप्त नहीं होगा। लोगों को कोडिंग जैसे किसी एक कौशल को ही अपने करियर का आधार मानने से बचना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि दुनिया ऐसे दौर में पहुंच गई है, जहां कोई नहीं जानता कि अगले 10 साल में हालात किस तरह बदलेंगे। आने वाले समय में नौकरियों का स्वरूप कैसा होगा और इंसानी रिश्तों पर इसका क्या प्रभाव पड़ेगा, यह भी अभी स्पष्ट नहीं है। इसलिए भविष्य की अनिश्चितताओं को देखते हुए खुद को लगातार नई परिस्थितियों के मुताबिक ढालना जरूरी है।

हरारी का हेड, हार्ट और हैंड्स फॉर्मूला क्या है
युवाल नोआ हरारी ने भविष्य में खुद को प्रासंगिक बनाए रखने के लिए तीन मानवीय क्षमताओं को मजबूत करने पर जोर दिया है। उनका मानना है कि इन खूबियों का सही तालमेल इंसान को एआई के मुकाबले आगे रख सकता है। आइए समझते हैं इस फॉर्मूले के तीन हिस्से क्या हैं।
- हेड यानी दिमाग: सही तरीके से सोचने, चीजों को समझने, सवाल उठाने, उनका विश्लेषण करने और लगातार नई जानकारी सीखने की क्षमता।
- हार्ट यानी दिल: दूसरों की भावनाओं को समझना, उनसे जुड़ना, बेहतर बातचीत करना और मजबूत सामाजिक रिश्ते बनाना।
- हैंड्स यानी हाथ: शारीरिक काम करने, अलग-अलग चीजों को संभालने और शरीर के अंगों पर बेहतर नियंत्रण रखने का कौशल।
- तीनों का तालमेल: हरारी के मुताबिक, जब इंसान सोचने-समझने, भावनात्मक जुड़ाव और व्यावहारिक काम करने की क्षमता को एक साथ इस्तेमाल करता है, तो उसे एआई के मुकाबले खास बढ़त मिल सकती है।
बदलती तकनीक के बीच कैसे बनाए रखें अपनी अहमियत
हरारी के मुताबिक, आने वाले समय में एआई किस तरह विकसित होगा और इसका नौकरियों पर कितना असर पड़ेगा, यह फिलहाल कोई नहीं जानता। ऐसे में लोगों के लिए जरूरी है कि वे खुद को किसी एक काम या तकनीक तक सीमित न रखें। नई चीजें सीखने और बदलते हालात के साथ आगे बढ़ने की आदत ही भविष्य में काम आएगी। उनका मानना है कि तकनीकी बदलावों के बीच अपनी सोचने-समझने की शक्ति, दूसरों से जुड़ने का हुनर और व्यावहारिक कौशल लगातार बेहतर करते रहना चाहिए। इससे लोगों को भविष्य में आने वाली नई चुनौतियों और नौकरी के अवसरों के लिए तैयार रहने में मदद मिलेगी।
एआई के बढ़ते इस्तेमाल से नौकरियों पर मंडराया खतरा
हरारी की यह सलाह ऐसे वक्त आई है, जब दुनियाभर की बड़ी टेक कंपनियां एआई पर अपना खर्च और निवेश बढ़ा रही हैं। वहीं, दूसरी ओर कर्मचारियों की छंटनी का सिलसिला भी जारी है। Layoffs.fyi के आंकड़ों के अनुसार, इस साल अब तक टेक्नोलॉजी सेक्टर में 1.50 लाख से अधिक लोगों की नौकरियां जा चुकी हैं। माइक्रोसॉफ्ट, मेटा, अमेजन और ओरेकल जैसी दिग्गज कंपनियां भी अपने कर्मचारियों की संख्या घटा चुकी हैं। इस बदलाव ने टेक सेक्टर में काम करने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अब नौकरी में बने रहने के लिए सिर्फ तकनीकी जानकारी होना ही काफी नहीं है, बल्कि नई चुनौतियों को समझकर उनके मुताबिक खुद को ढालना भी जरूरी हो गया है।
Falak Abdeen 