साथ रहने की जिद पर अड़ी थी किशोरी, प्रेमी ने पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग; जानें पूरा मामला

सुल्तानपुर के मरछा गांव में प्रेमी युगल के आग लगाने की घटना में KGMU में इलाज के दौरान नाबालिग प्रेमिका की मौत हो गई. गांव में पुलिस और PAC तैनात.

साथ रहने की जिद पर अड़ी थी किशोरी, प्रेमी ने पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग; जानें पूरा मामला
Image Create By Meta AI

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के चांदा कोतवाली क्षेत्र के मरछा गांव में प्रेम प्रसंग के चलते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. प्रेमी युगल के खुद को आग लगाने की इस घटना में गुरुवार को गंभीर रूप से झुलसी नाबालिग प्रेमिका की इलाज के दौरान मौत हो गई। किशोरी ने लखनऊ के किंग मेडिकल कॉलेज (KGMU) के ट्रामा सेंटर में दम तोड़ दिया. इस दर्दनाक खबर के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए एहतियातन भारी पुलिस बल व पीएसी तैनात कर दी गई है.

क्या था पूरा मामला?

यह पूरी घटना चांदा कोतवाली क्षेत्र के मरछा गांव की है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गांव के रहने वाले 27 वर्षीय युवक शिवम सिंह और एक नाबालिग किशोरी के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. बताया जा रहा है कि किशोरी के परिवार वाले इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे. बीते शनिवार की शाम को किशोरी अपने प्रेमी शिवम सिंह के घर जा पहुंची और जिद करने लगी कि वह अब उसी के साथ रहेगी. जब वह अपने फैसले पर अड़ी रही और समझाने पर भी वापस जाने को तैयार नहीं हुई, तो परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. 

पुलिस के समझाने के बावजूद हुआ खौफनाक कदम

सूचना मिलते ही सबसे पहले डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और किशोरी को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार मिश्र और सिपाही शशिभान भी मौके पर पहुंचे. पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक दोनों पक्षों को समझाने और किशोरी को उसके घर भेजने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बन सकी. इसी बीच, अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया और युवक शिवम घर के अंदर से पेट्रोल का गैलन लेकर बाहर निकल आया. उसने गुस्से और आवेश में आकर पहले किशोरी को अपनी आगोश में लिया और फिर खुद पर व उस पर ज्वलनशील पदार्थ उड़ेलकर आग लगा ली.

बचाने की कोशिश में जल गई दरोगा की जैकेट

अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई. वहां मौजूद ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने तुरंत अपनी जान की परवाह किए बिना आग बुझाने की कोशिश की. इस दौरान आग की लपटों से दोनों को बचाने के प्रयास में मौके पर मौजूद दरोगा की जैकेट भी जल गई थी. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दोनों बुरी तरह से झुलस चुके थे.  घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों गंभीर रूप से झुलसे प्रेमियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) प्रतापपुर कमैचा पहुंचाया गया. वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाज़ुक हालत को देखते हुए उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. स्थिति में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया था. घटना के 5 दिन बाद, गुरुवार तड़के इलाज के दौरान नाबालिग किशोरी ने दम तोड़ दिया. उसकी मौत की सूचना जैसे ही गांव पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई. 

मां और बेटे पर मुकदमा दर्ज, पुलिस बल तैनात

इस मामले में मृतका के पिता की शिकायत और तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्रेमी शिवम सिंह और उसकी मां के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. चांदा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार वर्मा ने बताया कि मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. गांव में तनाव के माहौल को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और आरोपी युवक के घर के साथ-साथ पूरे मरछा गांव में पुलिस व पीएसी बल तैनात कर दिया गया है ताकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रहे.