देवरिया में शादी के दबाव से तंग आकर स्कूल प्रबंधक ने की महिला शिक्षिका की हत्या, चलती कार से फेंका शव

देवरिया में 24 वर्षीय महिला टीचर की हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, शादी के दबाव को लेकर स्कूल मैनेजर ने गला घोंटकर हत्या की.

देवरिया में शादी के दबाव से तंग आकर स्कूल प्रबंधक ने की महिला शिक्षिका की हत्या, चलती कार से फेंका शव
Image From X Handle: @Sachingupta

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक बेहद सनसनीखेज और खौफनाक मामला सामने आया है. यहां रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के कन्हौली इलाके में सड़क किनारे चलती कार से एक 24 वर्षीय युवती का शव फेंके जाने की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी. मृतका गोरखपुर जिले की रहने वाली थी और एक प्राइवेट स्कूल में टीचर थी. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी यानी स्कूल के प्रबंधक को हिरासत में ले लिया है, जिसने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कुबूल कर लिया है. 

क्या है पूरा मामला?

यह पूरी घटना रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के कन्हौली की है, जहां अज्ञात बदमाशों द्वारा चलती कार से एक युवती का शव सड़क किनारे फेंक दिए जाने की सूचना मिली थी. मृतका के चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोट के निशान थे. रविवार देर रात पुलिस ने कड़ाई से छानबीन करते हुए शव की शिनाख्त गोरखपुर जिले के झंगहा थाना क्षेत्र की रहने वाली 24 वर्षीया युवती के रूप में की. मृतका के पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी बेटी 31 अक्टूबर की सुबह करीब साढ़े आठ बजे स्कूल के लिए घर से निकली थी, जिसके कुछ देर बाद ही उसका फोन बंद आने लगा.परिजनों ने स्कूल प्रबंधक विजय निषाद पर गंभीर आशंका जताई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया. 

प्रेम प्रसंग और शादी का दबाव बना वजह

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए आरोपी प्रबंधक विजय निषाद ने पूछताछ में सारे राज उगल दिए हैं. आरोपी ने स्वीकार किया कि मृतका महिला शिक्षिका के साथ उसके प्रेम संबंध थे. आरोपी पहले से ही शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है. हाल के दिनों में शिक्षिका उस पर लगातार शादी करने का दबाव बना रही थी, जिसे लेकर दोनों के बीच तनाव चल रहा था. चूंकि शनिवार को स्कूल बंद रहता है, इसलिए आरोपी ने साजिश के तहत शिक्षिका को स्कूल बुलाया था. जब शिक्षिका वहां पहुंची, तो आरोपी ने उसे बकाया मानदेय के रूप में तीन हजार रुपये दिए और साथ में बाहर घूमने की बात कहकर अपनी कार में बैठा लिया. कार में सफर के दौरान जब शिक्षिका ने एक बार फिर शादी की जिद पकड़ी और दबाव बनाया, तो आरोपी ने गुस्से में आकर गाड़ी के अंदर ही उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. 

दिनभर कार की डिक्की में शव रखकर घूमता रहा कातिल

हत्या की इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी प्रबंधक बुरी तरह घबरा गया. अपनी करतूत को छुपाने के लिए उसने मृतका के शव को कार की डिक्की में छिपा दिया और पूरे दिन शव को गाड़ी में ही रखकर इधर-उधर घूमता रहा. शाम ढलते ही वह देवरिया जिले की सीमा में पहुंचा और रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के कन्हौली के पास चलती कार से शव को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गया. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कार को भी बरामद कर लिया है.

सैलरी को लेकर भी था विवाद

मृतका के परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधक लंबे समय से उनकी बेटी को समय पर मानदेय नहीं दे रहा था. स्कूल की तरफ से शिक्षिका के 4,500 रुपये बकाया थे. घटना वाले दिन भी वह अपना बकाया सैलरी लेने की बात कहकर ही घर से निकली थी. परिजनों का यह भी कहना है कि आरोपी प्रबंधक ने कई अन्य शिक्षकों का वेतन भी रोक रखा था. पोस्टमार्टम हाउस पर अपनी बेटी का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.