भारत-पाक तनाव के बीच 3 साल बाद दिल्ली पहुंचे पाकिस्तानी मंत्री, आखिर क्या है दौरे की वजह
तीन साल बाद पाकिस्तानी मंत्री की दिल्ली में एंट्री ने सबका ध्यान खींचा है। आखिर तनाव के बीच भारत आने की क्या है वजह
करीब तीन साल बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री ने भारत की धरती पर कदम रखा है। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसादिक मलिक नई दिल्ली पहुंच गए हैं। उनका यह दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते तनावपूर्ण बने हुए हैं। मुसादिक मलिक 20 से 22 नवंबर तक दिल्ली में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सभ्यतागत संवाद मंच में शामिल होंगे। दिल्ली एयरपोर्ट पर भारत में पाकिस्तान उच्चायोग के प्रभारी साद वारैच ने उनका स्वागत किया। उनके भारत पहुंचने की जानकारी पाकिस्तान हाई कमीशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की। इसके साथ ही स्वागत की तस्वीर भी पोस्ट की गई। हाई कमीशन ने अपने संदेश में बताया कि संघीय मंत्री डॉ. मुसादिक मलिक आज नई दिल्ली पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर प्रभारी साद वारैच ने उनका स्वागत किया।
भारत आकर किन मुद्दों पर बात करेंगे पाकिस्तानी मंत्री
दिल्ली दौरे पर मुसादिक मलिक 20 से 22 नवंबर तक होने वाले पहले SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करेंगे। वह सभ्यताओं के बीच संवाद, सहयोग और आपसी समझ को बढ़ावा देने पर पाकिस्तान का पक्ष रखेंगे। अपने संबोधन में SCO में पाकिस्तान की भूमिका और सांस्कृतिक विरासत का भी जिक्र करेंगे। गौरतलब है कि पाकिस्तान 2026-27 के लिए SCO के राष्ट्राध्यक्षों की परिषद की अध्यक्षता कर रहा है। इसके तहत अगले शिखर सम्मेलन से पहले इस्लामाबाद में कई मंत्री-स्तरीय बैठकें और चर्चाएं होंगी।
Federal Minister for Climate Change and Environmental Coordination @DrMusadikMalik arrived in New Delhi today. He was received at the Airport by the Chargé d'Affaires @Saadawarraich. @ForeignOfficePk @epwing_official @MoIB_Official https://t.co/hpCOS8Ho0K
— Pakistan High Commission India (@PakinIndia) November 20, 2026
SCO फोरम के लिए भारत ने सभी देशों को भेजा न्योता
पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक का भारत दौरा किसी अचानक बनी योजना का हिस्सा नहीं है। उन्हें भारत की ओर से आयोजित SCO फोरम में शामिल होने का न्योता दिया गया था। दरअसल, भारत ने इस पहले सभ्यतागत संवाद मंच के लिए SCO के सभी 10 सदस्य देशों के अलावा पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर) और संवाद साझेदार (डायलॉग पार्टनर) देशों को भी आमंत्रित किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी पहले इसकी पुष्टि की थी। उन्होंने बताया था कि SCO के सदस्य देशों समेत कई अन्य देशों को इस कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भेजा गया है। साथ ही उन्होंने कहा था कि भारत नई दिल्ली में इस महत्वपूर्ण संवाद मंच की मेजबानी करने के लिए उत्साहित है। भारत की इस पहल का उद्देश्य यूरेशियाई क्षेत्र के देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करना और लोगों को एक-दूसरे की परंपराओं व सभ्यताओं को समझने का मौका देना है। गौरतलब है कि SCO में कुल 10 सदस्य देश हैं, जिनमें भारत, पाकिस्तान, चीन और रूस जैसे देश शामिल हैं। भारत साल 2017 में इस संगठन का पूर्ण सदस्य बना था।
Falak Abdeen 