2027 विधानसभा चुनाव में टिकट की दावेदारी पेश करने पहुंचे BJP नेता की अचानक मौत, बाथरूम में मिले बेहोश
मुजफ्फरनगर में BJP नेता राजबीर कश्यप की अचानक मौत हो गई. वह चरथावल सीट से 2027 विधानसभा चुनाव का टिकट मांगने पहुंचे थे.
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर चरथावल विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का टिकट पाने की उम्मीद लेकर पहुंचे सहकारी केंद्रीय उपभोक्ता भंडार के चेयरमैन राजबीर कश्यप (55) का अचानक निधन हो गया. पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान के आवास पर हुई इस घटना से राजनीतिक गलियारों और उनके पैतृक गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
कुछ ही घंटे पहले पार्टी पदाधिकारियों को सौंपा था बायोडाटा
मृतक राजबीर कश्यप मंसूरपुर क्षेत्र के लच्छेड़ा गांव के रहने वाले थे और पार्टी के बेहद पुराने और निष्ठावान कार्यकर्ताओं में गिने जाते थे. घटनाक्रम के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 11 बजे राजबीर कश्यप अपने भाई, बेटे और कुछ अन्य ग्रामीणों के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी के बडसू स्थित आवास पर पहुंचे थे. वहां उन्होंने जिलाध्यक्ष से मुलाकात कर अपना बायोडाटा सौंपा और चरथावल विधानसभा सीट से आधिकारिक तौर पर टिकट की दावेदारी पेश की. जिलाध्यक्ष के साथ करीब एक घंटे तक आगामी चुनाव की तैयारियों और राजनीतिक समीकरणों पर लंबी चर्चा हुई.
पूर्व मंत्री के आवास पर हुआ हादसा
जिलाध्यक्ष से मुलाकात के बाद राजबीर कश्यप अपने समर्थकों और परिवार के सदस्यों के साथ मुजफ्फरनगर की ए टू जेड कॉलोनी स्थित पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान के कार्यालय पहुंचे. वहां उनकी मुलाकात पूर्व मंत्री के भाई विवेक बालियान से हुई. बातचीत का सिलसिला चल ही रहा था कि राजबीर कश्यप किसी कार्य से वहां बने बाथरूम में चले गए. काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह बाहर नहीं लौटे, तो बाहर खड़े लोगों को चिंता हुई। उन्होंने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली.
इसके बाद जब एक ग्रामीण ने अंदर झांककर देखा, तो राजबीर कश्यप बाथरूम के फर्श पर अचेत अवस्था में गिरे हुए थे. यह देखते ही वहां हड़कंप मच गया और तुरंत आनन-फानन में उन्हें गंभीर हालत में नजदीकी एसकेबी आरोग्यम अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. डॉक्टर्स के अनुसार, उनकी मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट (हार्ट फेल होना) बताया गया है.
मुजफ्फरनगर में विधानसभा चुनाव का टिकट मांगने के लिए बीजेपी नेता राजवीर कश्यप पूर्व केन्द्रीय मंत्री संजीव बालियान के आवास पर पहुंचे थे. उनके साथ उनके ढेरों समर्थक भी थे. राजवीर कश्यप को अचानक हार्टअटैक आया और उनकी मौत हो गयी.... https://t.co/qffaKiyJF0
— Arun (आज़ाद) Chahal ???????? (@ArunAzadchahal) November 3, 2026
गांव में पसरा मातम, पुलिस कार्रवाई से किया इनकार
अचानक हुई इस अनहोनी की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव लच्छेड़ा और समर्थकों तक पहुंची, वहां कोहराम मच गया। परिजन और समर्थक तुरंत अस्पताल पहुंचे और शव को अपने साथ गांव ले गए. परिवार ने किसी भी तरह की पुलिसीय कार्रवाई या पोस्टमार्टम करवाने से साफ इनकार कर दिया. इसके बाद गमगीन और नम आंखों के बीच उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया.
नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जताया गहरा शोक
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान तुरंत लच्छेड़ा गांव पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मिलकर ढांढस बंधाया. उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि 'राजबीर कश्यप पार्टी के बेहद कर्मठ और निष्ठावान सिपाही थे. उनके अचानक यूं चले जाने से न केवल उनके परिवार को, बल्कि पूरी पार्टी को एक अपूरणीय क्षति हुई है.' इसके अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी और पार्टी के अन्य स्थानीय नेताओं ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है. टिकट की उम्मीद लेकर घर से निकले एक सक्रिय नेता की इस तरह अचानक हुई मौत ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है.
