Agniveer: 4 साल की सेवा पूरी, अब शादी और लेफ्टिनेंट बनने का मौका; जानें नौसेना के नए नियम
नौसेना के पहले बैच के अग्निवीरों की 4 साल की सेवा पूरी. अब 2 साल का एक्सटेंशन, शादी की अनुमति और ACC एंट्री से लेफ्टिनेंट बनने का मौका मिलेगा.
देश की रक्षा के लिए अग्निपथ योजना के तहत भर्ती हुए भारतीय नौसेना के पहले बैच के अग्निवीरों ने अपनी चार साल की सेवा पूरी कर ली है. इसके साथ ही अब इनके आगे के भविष्य को लेकर तस्वीर पूरी तरह साफ होने लगी है. नियमों के मुताबिक, इन अग्निवीरों में से 25 प्रतिशत को सीधे सेना में स्थायी (परमानेंट) होने का विकल्प मिल गया है. वहीं, बाकी बचे अग्निवीर जो तय योग्यता और मानकों को पूरा करते हैं, उन्हें नौकरी में दो साल का अतिरिक्त विस्तार (एक्सटेंशन) चुनने का मौका दिया गया है. इस दो साल के अतिरिक्त कार्यकाल को 'सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी' (Second TOD) का नाम दिया गया है.
चार हफ्ते की ट्रेनिंग के बाद शादी की इजाजत
अग्निपथ योजना की शर्तों के अनुसार, शुरुआती चार साल की सेवा के दौरान अग्निवीरों को शादी करने की अनुमति नहीं होती है. लेकिन अब दो साल का एक्सटेंशन लेने वाले अग्निवीरों के लिए यह नियम बदल जाएगा. रक्षा सूत्रों के अनुसार, नौसेना के जो अग्निवीर एक छोटे ब्रेक के बाद अपना दो साल का एक्सटेंशन शुरू करेंगे, उन्हें पहले सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी के लिए अपना एनरोलमेंट कराना होगा. इसके बाद उनकी करीब चार हफ्तों की एक विशेष ट्रेनिंग होगी. जैसे ही अग्निवीर अपनी यह चार हफ्ते की ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरी कर लेंगे, उन्हें शादी करने की आधिकारिक इजाजत मिल जाएगी.
छुट्टियों को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं
नौसेना की ओर से सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी के लिए अग्निवीरों को ज्वाइनिंग इंस्ट्रक्शंस (नियुक्ति से जुड़े निर्देश) जारी कर दिए गए हैं. हालांकि, इन निर्देशों में छुट्टियों को लेकर अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है. अग्निवीरों को शुरुआती चार साल के कार्यकाल में एक साल में 30 दिन की छुट्टी मिलती थी. अब दो साल के इस एक्सटेंशन पीरियड में उन्हें पहले की तरह 30 दिन ही सालाना छुट्टी मिलेगी या फिर नियमित सैनिकों की तरह ज्यादा छुट्टियां दी जाएंगी, इस पर अभी सस्पेंस बना हुआ है. गौरतलब है कि नौसेना के बाद अब अगले महीने भारतीय थल सेना (आर्मी) और भारतीय वायुसेना (एयरफोर्स) के पहले बैच के अग्निवीरों के भी चार साल पूरे होने जा रहे हैं। ऐसे में जल्द ही उनके लिए भी इसी तरह की प्रक्रिया शुरू होगी.
अग्निवीरों के पास 'लेफ्टिनेंट' बनने का सुनहरा मौका
दो साल का एक्सटेंशन लेने वाले अग्निवीरों के लिए एक और बेहद अच्छी खबर है. सूत्रों ने बताया है कि इस अतिरिक्त कार्यकाल के दौरान योग्य अग्निवीर अब 'आर्मी कैडेट कॉलेज' (ACC) में एंट्री के लिए भी पात्र माने जाएंगे. आसान शब्दों में कहें तो, अब अग्निवीर सीधे सेना में अधिकारी (ऑफिसर) बनने के लिए आवेदन कर सकेंगे.
क्या है ACC एंट्री और कैसे बनते हैं अधिकारी?
-
पहले से सेवा दे रहे जवानों के लिए मौका: भारतीय सेना में एसीसी (ACC) एंट्री एक ऐसा माध्यम है, जिसके जरिए सेना में निचले पदों पर काम कर रहे जवानों को अपनी काबिलियत साबित कर अधिकारी बनने का अवसर मिलता है.
-
ट्रेनिंग और पढ़ाई: इस एंट्री के लिए जवानों को एक चयन प्रक्रिया (परीक्षा और इंटरव्यू) पास करनी होती है. चयन के बाद उन्हें एसीसी विंग में 4 साल तक कड़ी ट्रेनिंग और ग्रेजुएशन की पढ़ाई करनी होती है.
-
सीधे लेफ्टिनेंट पद पर नियुक्ति: चार साल की ट्रेनिंग पूरी करने के बाद ये कैडेट भारतीय सेना में अधिकारी बन जाते हैं और उन्हें सीधे 'लेफ्टिनेंट' के पद पर नियुक्ति मिलती है,
साल 2022 में जब अग्निपथ योजना की शुरुआत हुई थी, तब अग्निवीरों के शुरुआती चार साल के कार्यकाल के दौरान उनके लिए ACC एंट्री का विकल्प बंद रखा गया था. लेकिन अब दो साल के एक्सटेंशन पीरियड में यह दरवाजा खोल दिया गया है, जिससे मेहनती और काबिल अग्निवीरों के पास सेना में अफसर बनकर देश सेवा करने का एक बड़ा अवसर उपलब्ध हो गया है.
