Tusshar Kapoor: बॉलीवुड एक्टर तुषार कपूर को धमकी, 5 करोड़ की फिरौती मांगने वाला आखिर कौन
बॉलीवुड एक्टर तुषार कपूर को 5 करोड़ रुपये की फिरौती के लिए धमकी मिली। मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हैरी बॉक्सर का नाम सामने आया, लेकिन आवाज के मिलान में अंतर मिलने के बाद पुलिस को फर्जी कॉल का शक है।
बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी देकर 5 करोड़ रुपये मांगने का मामला सामने आया है। फोन करने वाले ने खुद को गैंग का सदस्य हैरी बॉक्सर बताया था। हालांकि, मुंबई क्राइम ब्रांच की शुरुआती जांच में शक है कि धमकी देने वाला व्यक्ति गैंग का सदस्य नहीं है। उसने पैसे वसूलने के लिए गैंग के नाम का इस्तेमाल किया हो सकता है। जानकारी के मुताबिक, जांच टीम ने धमकी भरे फोन की आवाज की तुलना हैरी बॉक्सर की पुरानी रिकॉर्डिंग से की। शुरुआती जांच में दोनों आवाजें अलग पाई गईं। इसके बाद पुलिस को शक हुआ कि किसी ने गैंग के नाम का डर दिखाकर तुषार कपूर से पैसे मांगने की कोशिश की है। फिलहाल मुंबई क्राइम ब्रांच फोन करने वाले की पहचान करने में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि उसने अभिनेता को धमकी क्यों दी। इस मामले में अभी तक कोई FIR दर्ज नहीं की गई है।
बॉलीवुड पर धमकियों का साया
बॉलीवुड सितारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर पर फायरिंग की घटना के बाद अब तुषार कपूर को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी मिली है। फोन करने वाले ने उनसे 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है। इन घटनाओं के बाद मुंबई पुलिस ने कई बॉलीवुड सितारों और नेताओं की सुरक्षा की समीक्षा की है। अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार, रणवीर सिंह और आमिर खान की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है।
कौन है हैरी बॉक्सर? जिसके नाम पर तुषार कपूर को मिली धमकी
हैरी बॉक्सर का असली नाम हरि चंद जाट बताया जाता है। वह राजस्थान के अलवर जिले का रहने वाला है। अपराध की दुनिया में कदम रखने से पहले वह बॉक्सिंग करता था। इतना ही नहीं, वह जयपुर में बॉक्सिंग कोच के तौर पर भी काम कर चुका है। इसी वजह से उसे 'बॉक्सर' के नाम से जाना जाने लगा। पुलिस के मुताबिक, हैरी बॉक्सर का संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग से है। उसके खिलाफ फिरौती मांगने, लूट और हत्या की कोशिश जैसे कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। हैरी बॉक्सर का नाम इससे पहले भी कई चर्चित मामलों में सामने आ चुका है। इनमें कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफे पर हुई फायरिंग और बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को कथित तौर पर धमकी देने का मामला शामिल है।
5 करोड़ की धमकी का खुला राज, हैरी बॉक्सर से नहीं मिली आवाज
क्राइम ब्रांच की टीम ने धमकी भरे कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच की। इसके बाद कॉल में सुनाई देने वाली आवाज का मिलान हैरी बॉक्सर की आवाज से कराया गया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आवाजों में समानता नहीं मिली। ऐसे में पुलिस को शक है कि यह फर्जी कॉल हो सकता है। आशंका है कि किसी ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेकर अभिनेता तुषार कपूर को डराने की कोशिश की है।
धमकी का ऑडियो भेजने वाला कौन? पुलिस कर रही तलाश
पुलिस उस शख्स की तलाश कर रही है, जिसने धमकी भरे कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजी थी। मुंबई पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी के पीछे कौन है और किसने गैंग का नाम लेकर अभिनेता को डराने की कोशिश की। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है
Falak Abdeen 