शार्प शूटर्स की गिरफ्तारी के बीच अमिताभ बच्चन की पोस्ट ने खींचा सबका ध्यान
अमिताभ बच्चन के 'बच गए' वाले पोस्ट ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। आखिर बिग बी ने ऐसा क्यों लिखा? उधर, दिल्ली पुलिस ने लॉरेंस गैंग के दो शूटरों को गिरफ्तार किया है, जिनके निशाने पर एक बड़ा बॉलीवुड सुपरस्टार था। क्या है इस गिरफ्तारी और अमिताभ के पोस्ट का कनेक्शन?
बॉलीवुड सितारों को मिल रही धमकियों के बीच अमिताभ बच्चन का एक ट्वीट चर्चा में आ गया है। बिग बी ने अपने पोस्ट में सिर्फ दो शब्द लिखे- 'बच गए'। इसके बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स इस पोस्ट के अलग-अलग मायने निकाल रहे हैं और तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। दरअसल, लॉरेंस गैंग की ओर से कई बड़े फिल्मी सितारों को धमकी मिलने की खबरें सामने आ चुकी हैं। इसी बीच दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंग के दो शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए शूटरों में से एक को एक बड़े अभिनेता के घर पर फायरिंग करने की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके लिए पूरी तैयारी भी कर ली गई थी, लेकिन वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। वहीं, दूसरे शूटर को दिल्ली में एक कारोबारी पर गोली चलाने का काम सौंपा गया था। वह अमृतसर में कुछ दिन पहले हुए इन्फ्लुएंसर मैड संधू हत्याकांड में भी आरोपी बताया जा रहा है। फिलहाल दोनों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
सुपरस्टार के घर फायरिंग का था प्लान
दिल्ली पुलिस ने लॉरेंस गैंग से जुड़े दो शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान विकास ठाकुर उर्फ विक्की और दीपक सिंह उर्फ दीप के रूप में हुई है। दोनों पंजाब के रहने वाले हैं। पुलिस ने दीपक को मुंबई से गिरफ्तार किया, जबकि विकास ठाकुर को दिल्ली में पकड़ा गया। जांच एजेंसियों को शक है कि दीपक को एक बड़े बॉलीवुड सुपरस्टार के घर के बाहर फायरिंग करने की जिम्मेदारी दी गई थी। पुलिस को आशंका है कि इस हमले की साजिश पहले से तैयार की जा रही थी। वहीं, विकास ठाकुर से पूछताछ के दौरान ही पुलिस को मुंबई में मौजूद दीपक के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इस मामले में एक और पहलू की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में शक जताया गया है कि साल 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर एक सुपरस्टार की कथित टिप्पणी के कारण उन्हें निशाना बनाने की साजिश रची गई थी। हालांकि, इस साजिश के पीछे की असली वजह और अन्य कड़ियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
बिग बी का बंगला 'जलसा' चर्चा में
अमिताभ बच्चन इन दिनों अपने बंगले 'जलसा' को लेकर भी सुर्खियों में हैं। दरअसल, उनकी भाभी रमोला ने साल 1993 में किए गए उस गिफ्ट डीड पर सवाल उठाए हैं, जिसके जरिए बंगले की मालिकाना हक जया बच्चन को ट्रांसफर किया गया था। रमोला का दावा है कि यह ट्रांसफर उनकी जानकारी और सहमति के बिना किया गया। इस मामले में शिकायत अंधेरी स्थित डिप्टी रजिस्ट्रार ऑफ कोऑपरेटिव सोसाइटीज के कार्यालय तक पहुंच चुकी है। अब इस शिकायत को लेकर आगे की प्रक्रिया पर सबकी नजर है। बता दें कि मुंबई स्थित 'जलसा' सिर्फ अमिताभ बच्चन का घर ही नहीं, बल्कि उनके फैंस के लिए भी खास जगह है। सालों से हर रविवार को बिग बी अपने घर के बाहर प्रशंसकों से मुलाकात करते आ रहे हैं। उनकी यह संडे मीटिंग एक खास परंपरा बन चुकी है और देशभर से लोग उनकी एक झलक पाने के लिए यहां पहुंचते हैं।
'जलसा' विवाद पर अमिताभ-जया की चुप्पी
इस मामले को लेकर अमिताभ बच्चन और जया बच्चन की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि रमोला ने पिछले सात महीनों के दौरान रजिस्ट्रेशन अधिकारियों के पास कई शिकायतें दर्ज कराई हैं। उनका दावा है कि गिफ्ट डीड के जरिए जया बच्चन को मालिकाना हक दिए जाने से पहले यह संपत्ति मूल रूप से उनके नाम पर रजिस्टर्ड थी। इस मामले में संपत्ति के रिकॉर्ड को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। कपोल हाउसिंग सोसाइटी के दस्तावेजों में जया बच्चन को मालिक बताया गया है, जबकि महाराष्ट्र सरकार के प्रॉपर्टी रिकॉर्ड में अब भी रमोला का नाम दर्ज होने की बात कही जा रही है।
वहीं, इस पूरे विवाद पर अभिषेक बच्चन के प्रवक्ता ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने इसे परिवार का आंतरिक मामला बताया। फिलहाल बच्चन परिवार की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
Falak Abdeen 