दुनिया पर राज करते हैं शाहरुख खान, लेकिन घर में गौरी की चलती है मर्जी

दुबई के एक इवेंट में शाहरुख खान ने गौरी खान को लेकर मजेदार खुलासा किया। उन्होंने बताया कि घर में उनकी और बच्चों आर्यन-सुहाना की नहीं, बल्कि गौरी की मर्जी चलती है। इस दौरान उन्होंने फिल्म 'किंग' का दमदार डायलॉग भी सुनाया।

दुनिया पर राज करते हैं शाहरुख खान, लेकिन घर में गौरी की चलती है मर्जी

बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान अपनी शानदार एक्टिंग के साथ-साथ हाजिरजवाबी और मजाकिया अंदाज के लिए भी मशहूर हैं। हाल ही में दुबई में आयोजित एक इवेंट में उनका यही अंदाज देखने को मिला। यहां शाहरुख ने अपनी पत्नी गौरी खान को लेकर एक ऐसा मजेदार किस्सा सुनाया कि वहां मौजूद लोग हंसने लगे। शाहरुख ने बताया कि घर में उनकी बिल्कुल नहीं चलती। यहां तक कि उनके बच्चों आर्यन और सुहाना की भी अपनी मर्जी नहीं चलती। घर में क्या होगा और क्या नहीं, इसका फैसला गौरी खान ही करती हैं। इस दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि घर में गौरी के बनाए नियमों का ही पालन करना पड़ता है। वहीं, अपनी इस हल्की-फुल्की बातचीत के बीच शाहरुख ने अपनी आने वाली फिल्म 'किंग' का दमदार डायलॉग सुनाकर वहां मौजूद लोगों का उत्साह भी बढ़ा दिया।

दुबई के मंच पर शाहरुख खान ने जमाया रंग

दरअसल, शाहरुख खान दुबई में आयोजित एक इवेंट में शामिल हुए थे। इस दौरान फिल्ममेकर करण जौहर ने उनसे पूछा कि ऐसी कौन-सी चीजें हैं, जिन्हें करने की इजाजत उन्हें अपने घर में नहीं है? इस सवाल पर शाहरुख ने अपने चिर-परिचित मजाकिया अंदाज में जवाब दिया कि घर में उनकी बिल्कुल नहीं चलती। उन्होंने बताया कि घर में वाई-फाई को लेकर शिकायत करना, बेड पर खाना खाना या फिर घर की सजावट पर अपनी राय देना भी उनके लिए आसान नहीं है। यहां तक कि घर के रंग, पेंटिंग, सीढ़ियों, लिफ्ट, छत और लाइटिंग को लेकर भी वह कुछ नहीं कह सकते। शाहरुख ने हंसते हुए कहा कि घर में उन्हें बस चुपचाप बैठकर उसका आनंद लेना होता है और गौरी की तारीफ करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि वह बस यही कहते हैं, 'गौरी, आपने कितना अच्छा घर बनाया है।' किंग खान ने आगे मजाक में कहा कि अब इस पेंटहाउस में आने के बाद भी उन्हें यही कहना पड़ेगा कि गौरी, आपने कितना अच्छा पेंटहाउस बनाया है। उनके मुताबिक, घर के बाहर भले ही वह आजाद हों, लेकिन घर के अंदर उनकी बिल्कुल नहीं चलती।

शाहरुख ने बतया अपने डर का राज़ 

इसी बातचीत को आगे बढ़ाते हुए करण जौहर ने शाहरुख खान से एक दिलचस्प सवाल पूछा। उन्होंने जानना चाहा कि उन्हें बिजनेस, बॉक्स ऑफिस या फिर अपनी पत्नी गौरी खान में से किससे सबसे ज्यादा डर लगता है? इस पर शाहरुख ने सीधे जवाब देने के बजाय अपनी आने वाली फिल्म 'किंग' का जिक्र किया।
इसके बाद उन्होंने फिल्म का दमदार डायलॉग सुनाते हुए कहा, 'हजार मुल्कों में बदनाम और दुनिया ने दिया एक ही नाम और वो पता है क्यों? क्योंकि मैं डर नहीं, दहशत हूं।' शाहरुख के इस अंदाज ने इवेंट में मौजूद लोगों का ध्यान खींच लिया।