Prabhas की फिल्म 'Fauzi' पर क्यों भड़के नेताजी सुभाष चंद्र बोस के पोते? हिटलर से मुलाकात वाले सीन पर मचा घमासान

Prabhas Fauji Controversy: प्रभास की फिल्म 'फौजी' के टीजर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के टीज़र पर विवाद. चंद्र कुमार बोस ने डायरेक्टर से माफी और नया टीजर जारी करने की मांग की.

Prabhas की फिल्म 'Fauzi' पर क्यों भड़के नेताजी सुभाष चंद्र बोस के पोते? हिटलर से मुलाकात वाले सीन पर मचा घमासान
Image From IMDB

साउथ सुपरस्टार प्रभास (Prabhas) की आने वाली पैन-इंडिया फिल्म 'फौजी' (Fauzi) अपनी घोषणा के बाद से ही सुर्खियों में है. 23 अक्टूबर को प्रभास के जन्मदिन के मौके पर जैसे ही इस फिल्म का टीज़र रिलीज हुआ, वैसे ही एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया. इस विवाद की मुख्य वजह फिल्म में इतिहास और कल्पना (Fiction) के मेल को बताया जा रहा है. नेताजी सुभाष चंद्र बोस के पोते चंद्र कुमार बोस ने फिल्म के मेकर्स और डायरेक्टर पर ऐतिहासिक तथ्यों को गलत तरीके से पेश करने का गंभीर आरोप लगाया है. 

टीज़र में ऐसा क्या दिखाया गया जिस पर आपत्ति है?

फिल्म 'फौजी' के टीज़र की शुरुआत साल 1942 में बर्लिन की एक ऐतिहासिक घटना से होती है. इसमें नेताजी सुभाष चंद्र बोस और जर्मनी के तानाशाह एडॉल्फ हिटलर के बीच की मुलाकात का एक नाटकीय (dramatic) रूप दिखाया गया है. टीज़र के इस दृश्य में नेताजी, प्रभास के एक काल्पनिक (Fictional) किरदार को हिटलर के सामने पेश करते हैं. कहानी के अनुसार, यह काल्पनिक किरदार एक जासूस, सैनिक और स्ट्रैटेजिस्ट है, जिसने ब्रिटिश इंटेलिजेंस को पूरी तरह से पंगु बना दिया था. 

आलोचकों और खासकर चंद्र कुमार बोस का कहना है कि एक महान ऐतिहासिक शख्सियत (नेताजी) को एक फिल्म के फिक्शनल हीरो को महिमामंडित (Glorify) करने और उसकी माइथोलॉजी बनाने के लिए इस्तेमाल करना पूरी तरह से गलत है. सोशल मीडिया पर भी कई लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर एक असली और सम्मानित स्वतंत्रता सेनानी को फिल्म के हीरो के सामने कमतर या उसके प्रचार का जरिया क्यों दिखाया जा रहा है?. 

डायरेक्टर मांगें सार्वजनिक माफी

सोमवार को चंद्र कुमार बोस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर कड़ा विरोध जताते हुए लिखा, 'इतिहास के साथ फिक्शन को मिलाना एक क्राइम है. मुझे उम्मीद है कि डायरेक्टर हनु राघवपुडी और उनकी पूरी टीम इस टीज़र को हटा देगी, एक नया टीज़र लाएगी और यह सुनिश्चित करेगी कि इतिहास के साथ कोई छेड़छाड़ न की जाए। उम्मीद है कि प्रभास भी इसे पढ़ेंगे.'

मीडिया से बातचीत में उन्होंने विस्तार से अपनी बात रखते हुए कहा कि फिल्ममेकर्स को भारत के स्वतंत्रता संग्राम और सेनानियों पर फिल्म बनाने की पूरी आज़ादी है, लेकिन इस प्रक्रिया में इतिहास की सच्चाई से खिलवाड़ नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि डायरेक्टर हनु राघवपुडी को भारत की जनता और स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान करने वाले हर नागरिक से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए. 

क्या था असली ऐतिहासिक संदर्भ?

चंद्र कुमार बोस ने स्पष्ट किया कि 1942 में बर्लिन में हुई वह मुलाकात टीज़र में दिखाए गए तरीके से बिल्कुल अलग थी. उन्होंने बताया कि नेताजी ने एक मंझे हुए कूटनीतिज्ञ (Diplomat) की तरह भू-राजनीति (Geopolitics) को समझते हुए हिटलर से बात की थी. उनका मकसद सिर्फ यह था कि उस वक्त जर्मनी और जापान, दोनों देश भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में मदद कर सकें. चंद्र कुमार बोस के अनुसार, नेताजी हमेशा लोकतंत्र (Democracy) और आम जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों में विश्वास रखते थे और उन्होंने फासीवाद का कड़ा विरोध किया था. उन्होंने एडॉल्फ हिटलर की किताब 'मीन काम्फ' (Mein Kampf) का हवाला देते हुए कहा कि हिटलर की भारतीय इतिहास, संस्कृति और विरासत की समझ बहुत सीमित और खराब थी. शुरुआत में दोनों नेताओं ने अपने-अपने राष्ट्रीय हितों के तहत एक-दूसरे को देखा, लेकिन बाद में हिटलर का रवैया तानाशाही और अहंकारी हो गया था. 

ये भी पढ़ें: Bollywood's Diwali parties: सुरक्षा के कड़े पहरे के बीच शुरू हुआ जश्न, जानिए इस साल कब और कहां सजेंगी महफिलें

फिल्म की टीम का रुख और रिलीज़ डेट

इस पूरे विवाद के सामने आने के बाद अभी तक 'फौजी' की मेकर्स टीम (मैथरी मूवी मेकर्स और टी-सीरीज़ फिल्म्स) या डायरेक्टर हनु राघवपुडी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. आपको बता दें कि हनु राघवपुडी द्वारा निर्देशित यह फिल्म 19 मार्च, 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने के लिए तय की गई है. अब देखना यह होगा कि बढ़ते विरोध के बाद मेकर्स टीज़र में कोई बदलाव करते हैं या इस पर कोई आधिकारिक सफाई देते हैं.