Ramayana: Part 1 के लीक वीडियो पर मेकर्स सख्त, थिएटर में रिकॉर्डिंग करने वालों को दी जेल की चेतावनी
रामायण: पार्ट 1 के थिएटर सीन्स सोशल मीडिया पर लीक होने के बाद मेकर्स सख्त हो गए हैं. जानें लीगल नोटिस, कोर्ट के आदेश और सजा से जुड़ी पूरी जानकारी.
निदेशक नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी मचआवेटेड और ग्रैंड फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' (Ramayana: Part 1) इस साल 5 नवंबर से सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन कर रही है. फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है, लेकिन इसके साथ ही मेकर्स के सामने एक बड़ी चुनौती भी खड़ी हो गई है. फिल्म के रिलीज होने के तुरंत बाद से ही कुछ दर्शकों द्वारा थिएटर के अंदर फिल्म के अहम दृश्यों को मोबाइल या अन्य गैजेट्स से रिकॉर्ड करके सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स पर शेयर करने का सिलसिला शुरू हो गया है. इस गैर-कानूनी गतिविधि पर रोक लगाने के लिए फिल्म निर्माताओं ने अब बेहद कड़ा रुख अपनाते हुए एक सख्त लीगल नोटिस जारी किया है.
बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश का दिया गया हवाला
फिल्म के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स पर शेयर किए गए इस लीगल नोटिस में साफ किया गया है कि मेकर्स को लगातार ऐसी रिपोर्ट्स मिल रही थीं कि लोग सिनेमाघरों में फिल्म की अनधिकृत (Unauthorised) रिकॉर्डिंग कर रहे हैं. इस समस्या से निपटने के लिए मेकर्स ने बॉम्बे हाई कोर्ट के दो हालिया आदेशों का सहारा लिया है. नोटिस के मुताबिक, माननीय बॉम्बे हाई कोर्ट ने कमर्शियल आईपी सूट (l) नंबर 37230 ऑफ़ 2026 के तहत 2 नवंबर और 6 नवंबर, 2026 को कड़े आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि देश या दुनिया का कोई भी अज्ञात या जाना-पहचाना व्यक्ति फिल्म या उसके किसी भी हिस्से को बिना अनुमति के रिकॉर्ड नहीं कर सकता, न ही उसे किसी भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अपलोड या शेयर कर सकता है. सिर्फ कॉपीराइट उल्लंघन नहीं, हो सकती है जेल की सजा
मेकर्स ने अपनी चेतावनी में यह भी स्पष्ट कर दिया है कि थिएटर में वीडियो रिकॉर्ड करना या इंटरनेट पर क्लिप्स सर्कुलेट करना केवल कॉपीराइट का मामला नहीं है, बल्कि यह एक गंभीर अपराध है। नोटिस के अनुसार, ऐसा करने वालों पर निम्नलिखित कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जा सकती है:
-
कॉपीराइट एक्ट, 1957
-
सिनेमैटोग्राफ एक्ट, 1952
-
भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023
-
आईटी एक्ट, 2000
मेकर्स ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि इन नियमों का उल्लंघन करने वालों को भारी जुर्माने के साथ-साथ जेल की सजा भी भुगतनी पड़ सकती है, और इसे अदालत की अवमानना (Contempt of Court) भी माना जाएगा.
A clear reminder: Unauthorised recording and sharing of the film is prohibited. https://t.co/28fLMDza4N
— The World Of Ramayana (@WorldOfRamayana) November 7, 2026
लीक हुए वीडियो को तुरंत हटाने की सख्त हिदायत
फिल्म निर्माताओं ने उन सभी सोशल मीडिया यूजर्स और पेजों को चेतावनी दी है जिन्होंने पहले ही फिल्म के क्लिप्स अपलोड कर दिए हैं. उन्हें तुरंत इन वीडियोज को हटाने का आदेश दिया गया है. मेकर्स ने साफ किया है कि यदि कोई व्यक्ति चेतावनी के बाद भी ऐसा कंटेंट शेयर करते पकड़ा गया, तो उसकी सीधे संबंधित अधिकारियों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शिकायत की जाएगी. दोषियों को बिना किसी अतिरिक्त नोटिस के क्रिमिनल, सिविल और कंटेम्प्ट की कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। नोटिस के अंत में कड़े संदेश के साथ लिखा गया है,- 'सभी अधिकार सुरक्षित। टीम रामायण.'
सोशल मीडिया पर कौन-से सीन्स हो रहे हैं लीक?
फिल्म रिलीज होने के बाद से ही दो मुख्य क्लिप्स इंटरनेट पर काफी वायरल हो रहे हैं:
-
सनी देओल का पोस्ट-क्रेडिट सीन: फिल्म में भगवान हनुमान के रूप में अभिनेता सनी देओल का पोस्ट-क्रेडिट अपीयरेंस काफी चर्चा में है, जिसे फिल्म के पहले दिन 'हनुमान चालीसा' के ट्रैक के साथ ऑफिशियली भी शेयर किया गया था.
-
इंटरनेशनल वर्शन का डिलीटेड फाइट सीक्वेंस: इसके अलावा, सोशल मीडिया पर एक और फुटेज तेजी से वायरल हो रहा है जो कथित तौर पर फिल्म के इंटरनेशनल वर्शन का है। इस सीन में वह हिस्सा दिखाया गया है जिसे हिंदी वर्जन से हटा दिया गया था. जब लक्ष्मण जी सूर्पणखा की नाक काटते हैं, तब असुरों का एक पूरा ग्रुप उसे बचाने आता है और भगवान राम, लक्ष्मण व सीता का सामना करता है। इस क्लिप में एक लंबा और शानदार एक्शन सीक्वेंस है, जिसमें भगवान राम को असुरों से युद्ध करते हुए देखा जा सकता है.
भव्य स्टारकास्ट और आगे के पार्ट्स पर अपडेट
'रामायण: पार्ट 1' में बॉलीवुड और सिनेमा जगत के कई दिग्गज कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में, साई पल्लवी माता सीता के रोल में और सुपरस्टार यश महाबली रावण की भूमिका निभा रहे हैं। इनके अलावा फिल्म में रवि दुबे, इंदिरा कृष्णा, अरुण गोविल, विवेक ओबेरॉय, सोनल झा, लारा दत्ता, कुणाल कपूर, रकुल प्रीत सिंह और काजल अग्रवाल जैसे जाने-माने कलाकार भी अहम किरदारों में नजर आ रहे हैं.
इस मेगा-प्रोजेक्ट को नितेश तिवारी ने डायरेक्ट किया है, जबकि इसे नमित मल्होत्रा और यश ने मिलकर प्रोड्यूस किया है. फिल्म की सफलता और भव्यता को देखते हुए फैंस के लिए एक और बड़ी खबर सामने आई है कि इस महाकाव्य का दूसरा पार्ट अब साल 2027 के बजाय दिवाली 2028 में सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा.
