UP Free Tablet Scheme 2026: योगी सरकार 15 नवंबर से बांटेगी 50 हजार मुफ्त टैबलेट, जानें किन जिलों के छात्रों को मिलेगा लाभ

UP Free Tablet Scheme 2026 के तहत सीएम योगी 15 नवंबर को लखनऊ से 50 हजार टैबलेट वितरण अभियान शुरू करेंगे. जानें किन जिलों के छात्रों को मिलेगा लाभ.

UP Free Tablet Scheme 2026: योगी सरकार 15 नवंबर से बांटेगी 50 हजार मुफ्त टैबलेट, जानें किन जिलों के छात्रों को मिलेगा लाभ
Image From X Handle

उत्तर प्रदेश के युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम, कुशल और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राज्य सरकार एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) आगामी 15 नवंबर 2026 को लखनऊ के ऐतिहासिक राष्ट्र प्रेरणा स्थल से भव्य टैबलेट वितरण अभियान की शुरुआत करने वाले हैं. इस विशेष अभियान के तहत लखनऊ और आसपास के जिलों के करीब 50 हजार छात्र-छात्राओं को मुफ्त टैबलेट वितरित किए जाएंगे, ताकि वे आधुनिक शिक्षा और डिजिटल संसाधनों से जुड़कर अपने भविष्य को मजबूत कर सकें. 

पीएम मोदी के दौरे के चलते इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान की बुकिंग रद्द

राजधानी लखनऊ में प्रशासनिक और आधिकारिक कार्यक्रमों का दौर जारी है। इसी कड़ी में आगामी 21 नवंबर को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होने वाले 'कौशल दीक्षांत समारोह' में शिरकत करेंगे. इस गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान वे अंतरराष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित करेंगे. प्रधानमंत्री के इस उच्च-स्तरीय दौरे और सुरक्षा व्यवस्थाओं को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के लिए प्रशासन ने खास इंतजाम किए हैं. इसके चलते इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 20, 21 और 22 नवंबर के लिए पहले से की गई सभी सामान्य बुकिंग्स को निरस्त (रद्द) कर दिया गया है. 

60 लाख युवाओं तक पहुंचा डिजिटल सशक्तिकरण, 2026-27 के लिए बड़ा लक्ष्य

यह पूरा वितरण अभियान राज्य सरकार की लोकप्रिय 'स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तीकरण योजना' के तहत चलाया जा रहा है. 15 नवंबर को होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से चार प्रमुख जनपदों लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के विद्यार्थियों की सहभागिता रहेगी.

  • योजना का सफर: प्रदेश सरकार ने युवाओं को डिजिटल संसाधनों से जोड़ने के उद्देश्य से वर्ष 2021-22 में इस योजना की शुरुआत की थी। 25 दिसंबर 2021 को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में इसका भव्य शुभारंभ किया गया था.

  • बड़ी उपलब्धि: इस योजना के माध्यम से अब तक प्रदेश के विद्यार्थियों को लगभग 60 लाख टैबलेट और स्मार्टफोन बांटे जा चुके हैं

  • नया वित्तीय वर्ष (2026-27): अब वर्ष 2026-27 के लिए 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट्स की आपूर्ति विभिन्न जनपदों में शुरू कर दी गई है. इनके वितरण से लाखों और छात्र-छात्राओं को डिजिटल शिक्षा से जुड़ने का सुनहरा मौका मिलेगा. यह पहल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस विजन को आगे बढ़ाती है, जिसमें युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर भविष्य की हर चुनौती के लिए तैयार करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.

व्यापक है योजना का दायरा: कौन-कौन ले सकता है लाभ?

स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तीकरण योजना का दायरा बेहद विस्तृत है, जिससे विभिन्न विभागों से जुड़े संस्थानों के छात्रों को फायदा मिल रहा है. इसमें उच्च शिक्षा, प्राविधिक शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास, मेडिकल एजुकेशन, एग्रीकल्चरल एजुकेशन एंड रिसर्च, एमएसएमई एंड एक्सपोर्ट प्रमोशन, एम्पावरमेंट ऑफ़ पर्सन्स विद डिसैबिलिटीज,डिपार्टमेट ऑफ़ लाइवस्टॉक एंड कल्चर से जुड़े शिक्षण संस्थान शामिल हैं. प्रदेश में स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी भी इस योजना के दायरे में आते हैं. इस योजना की सबसे बड़ी और खास विशेषता यह है कि पात्र विद्यार्थियों के लिए कोई भी आय अथवा आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है. इससे विभिन्न सामाजिक और आर्थिक पृष्ठभूमि से आने वाले मेधावी विद्यार्थियों के लिए डिजिटल शिक्षा तक पहुंचना बेहद आसान हो गया है.