अग्निवीरों के लिए मोदी सरकार का बड़ा तोहफा, अब 2 साल और कर सकेंगे देश की सेवा
केंद्र सरकार ने अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इससे चार साल की सेवा पूरी करने के बाद उन्हें सेना में दो साल और काम करने का मौका मिलेगा।
अग्निवीरों को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मोदी कैबिनेट ने चार साल की सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से अग्निवीरों को सेना में दो साल और सेवा करने का अवसर मिलेगा। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि यह दिन भारतीय रक्षा बलों और अग्निवीरों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि अग्निपथ योजना 14 जून 2022 को शुरू की गई थी। उस समय यह तय किया गया था कि अग्निवीरों के प्रदर्शन का लगातार मूल्यांकन किया जाएगा और योजना की समय-समय पर समीक्षा होगी।
कब सेवामुक्त होंगे अग्निवीर? जानें तीनों सेनाओं के पहले बैच की तारीख
अग्निपथ योजना के तहत भर्ती हुए अग्निवीरों के पहले बैच की चार साल की सेवा जल्द पूरी होने वाली है। इसके बाद अलग-अलग सेनाओं में अग्निवीरों के सेवामुक्त होने की प्रक्रिया शुरू होगी। भारतीय नौसेना के अग्निवीरों का पहला बैच 21 नवंबर 2026 को, वायुसेना का 21 दिसंबर 2026 को और थल सेना का 31 दिसंबर 2026 को सेवामुक्त होगा।
अग्निपथ योजना क्या है और कैसे काम करती है? जानें अग्निवीर भर्ती के नियम
- अग्निपथ योजना की शुरुआत 14 जून 2022 को हुई थी। इसके तहत भारतीय सेना, वायुसेना और नौसेना में भर्ती होने वाले जवानों को अग्निवीर कहा जाता है।
इस योजना के तहत साढ़े 17 से 21 साल की उम्र के युवाओं को तीनों सेनाओं में भर्ती किया जाता है। - अग्निवीरों को चार साल तक हर महीने वेतन दिया जाता है। सेवा पूरी होने पर उन्हें करीब 11.71 लाख रुपये की सेवा निधि एकमुश्त मिलती है। हालांकि, इसमें पेंशन का प्रावधान नहीं है।
- चार साल की सेवा पूरी होने के बाद अधिकतम 25 प्रतिशत अग्निवीरों को नियमित कैडर में शामिल किया जा सकता है।
- बाकी 75 प्रतिशत अग्निवीरों को सेवा निधि देकर सेवामुक्त कर दिया जाता है।
- सेवामुक्त अग्निवीरों को पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों की भर्ती में आरक्षण या प्राथमिकता का लाभ मिल सकता है। यह संबंधित भर्ती के नियमों पर निर्भर करता है।
चार साल की नौकरी, फिर क्या? जानें अग्निवीरों के लिए क्या हैं नियम
केंद्र सरकार ने साल 2022 में अग्निपथ योजना की शुरुआत की थी। इसके तहत युवाओं को भारतीय सेना, वायुसेना और नौसेना में चार साल के लिए अग्निवीर के रूप में भर्ती किया जाता है। मौजूदा नियमों के मुताबिक, चार साल की सेवा पूरी होने के बाद हर बैच के अधिकतम 25 प्रतिशत अग्निवीरों को नियमित कैडर में शामिल किया जा सकता है। उनका चयन सेवा के दौरान प्रदर्शन, योग्यता और सेनाओं की जरूरतों के आधार पर किया जाता है। वहीं, बाकी अग्निवीरों को चार साल का कार्यकाल पूरा होने पर सेवामुक्त कर दिया जाता है। उन्हें निर्धारित सेवा निधि पैकेज के साथ कौशल प्रमाणपत्र भी दिया जाता है।
Falak Abdeen 