इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मंजूर की मुस्कान-साहिल की याचिका, उम्रकैद में बदल सकती है फांसी की सजा!
मेरठ के चर्चित सौरभ हत्याकांड में मुस्कान और साहिल की फांसी की सजा के खिलाफ अपील पर हाईकोर्ट में सुनवाई होगी. अदालत ने निचली अदालत से केस रिकॉर्ड मंगाया है.
उत्तर प्रदेश के मेरठ को दहला देने वाले और देश भर में चर्चा का विषय बने चर्चित 'नीला ड्रम हत्याकांड' में नया कानूनी मोड़ आ गया है. इस सनसनीखेज मामले में निचली अदालत द्वारा सुनाई गई फांसी की सजा के खिलाफ दोषियों- मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल की अपील को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने स्वीकार कर लिया है. हाईकोर्ट ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सुनवाई की तारीख 30 नवंबर तय की है और साथ ही निचली अदालत से पूरे मामले का रिकॉर्ड और केस डायरी तलब कर ली है.
निचली अदालत ने माना था 'रेयरेस्ट ऑफ रेयर' मामला
कुछ समय पहले मेरठ की सत्र अदालत ने इस जघन्य हत्याकांड को 'रेयरेस्ट ऑफ रेयर' श्रेणी का मानते हुए अपना फैसला सुनाया था. अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों, फॉरेंसिक सबूतों और गवाहों के बयानों के आधार पर मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल को सौरभ की हत्या का दोषी करार देते हुए फांसी की सजा सुनाई थी. सत्र न्यायालय के इस फैसले के खिलाफ मुस्कान और साहिल ने अपने अधिवक्ताओं के माध्यम से इलाहाबाद हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था. उनकी अपील में तर्क दिया गया है कि निचली अदालत ने सुनवाई के दौरान कई अहम कानूनी पहलुओं और तथ्यों को नजरअंदाज किया है, इसलिए उनकी फांसी की सजा को या तो रद्द किया जाए या कम करके उम्रकैद में बदला जाए.
कानूनी प्रक्रिया और नियम
कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार, जब भी कोई निचली अदालत किसी मामले में फांसी की सजा सुनाती है, तो नियमों के तहत उस पर अंतिम मुहर लगाने के लिए मामले का हाईकोर्ट द्वारा परीक्षण किया जाना अनिवार्य होता है. साथ ही, दोषियों को भी कानूनी प्रावधानों के तहत हाईकोर्ट में अपील करने का पूरा अधिकार मिलता है. अब आगामी 30 नवंबर को होने वाली सुनवाई पर पूरे देश और पीड़ित परिवार की निगाहें टिकी हुई हैं. हाईकोर्ट यह तय करेगा कि सत्र अदालत का फांसी का फैसला बरकरार रहता है या उसमें कोई संशोधन किया जाता है.
क्या था पूरा मामला?
यह खौफनाक वारदात पिछले साल मार्च के महीने में सामने आई थी, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया था. मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर अपने पति सौरभ को चाकूओं से गोदकर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया था. हत्या के बाद आरोपियों ने सौरभ के शव के कई टुकड़े किए और उन्हें एक नीले रंग के प्लास्टिक ड्रम में भर दिया. इसके बाद सबूतों को मिटाने के लिए ड्रम के अंदर सीमेंट का घोल डालकर उसे बंद कर दिया ताकि बदबू या सुराग न मिल सके. इस जघन्य वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी हिमाचल प्रदेश घूमने और अय्याशी करने चले गए थे. घटना के करीब दस दिन बाद जब वे वापस लौटे, तो पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और जांच के आधार पर इस हत्याकांड का पर्दाफाश किया और दोनों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया था.
कवयित्री अनामिका जैन अंबर की अपील का मुद्दा भी गरमाया
इस बीच, मामले में एक मानवीय पहलू को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गईं. मशहूर कवयित्री अनामिका जैन अंबर ने पिछले हफ्ते जेल पहुंचकर मुस्कान से मुलाकात की थी. इस मुलाकात के बाद अनामिका अंबर ने सार्वजनिक रूप से मांग की थी कि मुस्कान की फांसी की सजा को उम्रकैद में बदला जाए या कम से कम उसकी बेटी के बड़े होने तक इसे टाला जाए. बताया जा रहा है कि मुस्कान ने जेल के अंदर ही एक बेटी को जन्म दिया है. कवयित्री ने तर्क दिया था कि बच्ची के भविष्य और पालन-पोषण को ध्यान में रखते हुए इस फैसले पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए, ताकि जब तक बेटी बड़ी न हो और उसकी शादी न हो जाए, तब तक फांसी की सजा को टाला जा सके.
