MP की 1 राज्यसभा सीट पर उपचुनाव, 12 नवंबर को वोटिंग, EC ने जारी किया शेड्यूल
मध्य प्रदेश की एक राज्यसभा सीट पर उपचुनाव, 12 नवंबर को होगा मतदान, डॉ. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई है सीट, चुनाव प्रक्रिया पूरी करने की आखिरी तारीख 16 नवंबर, चुनाव आयोग ने जारी किया पूरा शेड्यूल
भारत निर्वाचन आयोग ने मध्य प्रदेश से राज्यसभा की एक खाली हुई सीट पर उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। डॉ. एल मुरुगन के इस्तीफे के कारण खाली हुई इस सीट पर 12 नवंबर को मतदान होगा और उसी दिन मतगणना भी कराई जाएगी। इस सीट पर निर्वाचित होने वाले सदस्य का कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक रहेगा
निर्वाचन आयोग की ओर से गुरुवार (22 अक्टूबर 2026) को जारी कार्यक्रम के मुताबिक, राज्यसभा उपचुनाव के लिए 26 अक्टूबर 2026 को अधिसूचना जारी की जाएगी। उम्मीदवार 2 नवंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। इसके बाद 3 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 5 नवंबर तय की गई है।
मध्य प्रदेश विधानसभा में क्या है संख्याबल
राज्यसभा उपचुनाव के लिहाज से समीकरणों की बात करें तो मध्य प्रदेश विधानसभा में कुल 230 विधायक हैं। भारतीय जनता पार्टी के पास 164, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 65 और भारत आदिवासी पार्टी के एक विधायक हैं। विधायकों की संख्या से देखें तो इस सीट पर भाजपा का पलड़ा भारी है, ऐसे में उनके लिए यह सीट जीतना आसान होगा। इधर, उपचुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही राजनीतिक गलियारों में संभावित उम्मीदवारों के नामों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
राज्यसभा उपचुनाव का पूरा कार्यक्रम
- 26 अक्टूबर 2026: अधिसूचना जारी
- 2 नवंबर 2026: नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख
- 3 नवंबर 2026: नामांकन पत्रों की जांच
- 5 नवंबर 2026: नाम वापस लेने की अंतिम तारीख
- 12 नवंबर 2026: सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान
- 12 नवंबर 2026: शाम 5 बजे से मतगणना, यदि आवश्यक हुई
- 16 नवंबर 2026: चुनाव प्रक्रिया पूरी करने की अंतिम तारीख
