Diljit Dosanjh के इंदौर कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, अमिताभ बच्चन का 'जलसा' और 3 स्कूल भी निशाने पर

दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को होने वाले इंदौर कॉन्सर्ट को IED धमाके की धमकी मिली है. अमिताभ बच्चन का जलसा और तीन स्कूल भी ई-मेल के निशाने पर हैं.

Diljit Dosanjh के इंदौर कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, अमिताभ बच्चन का 'जलसा' और 3 स्कूल भी निशाने पर
Image From Instagram: diljitdosanjh

फेमस पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) के फैंस के लिए एक बुरी और चिंताजनक खबर सामने आ रही है. आने वाली 15 नवंबर को इंदौर के सी-21 मैदान में दिलजीत का मचअवेटेड म्यूजिक कॉन्सर्ट होने वाला है, लेकिन इस इवेंट से ठीक पहले सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ गए हैं. कॉन्सर्ट को बाधित करने और भारी तबाही मचाने के लिए एक धमकी भरा ई-मेल भेजा गया है, जिसमें विस्फोटक उपकरण (IED) से धमाके करने की खुली चेतावनी दी गई है. 

एक साथ कई हाई-प्रोफाइल ठिकाने निशाने पर

यह धमकी भरा ई-मेल केवल दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके दायरे में कई अन्य बेहद संवेदनशील और वीवीआईपी ठिकाने भी शामिल हैं. प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस मेल में इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव के आधिकारिक कार्यालय के साथ-साथ बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित मशहूर बंगले 'जलसा' को भी बम से उड़ाने की बात कही गई है. 

'खालिस्तानी नेशनल आर्मी' के नाम से आया मेल

यह सनसनीखेज ई-मेल इंदौर महापौर कार्यालय सहित कई अन्य जिम्मेदार लोगों को प्राप्त हुआ है. मेल भेजने वाले संगठन का नाम 'खालिस्तानी नेशनल आर्मी' बताया जा रहा है. मेल भेजने वालों ने अपनी पहचान कुछ विशिष्ट और फर्जी प्रतीत होने वाले नामों से दी है, जिनमें- इंजीनियर गुरानाख सिंह, रुखन शाहवाला, डॉ. गुरनिरवेर सिंह और बब्बर खालसा (परमार-कनाडा) के प्रो. गुरकाल सिंह पीएचडी शामिल हैं. हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस इन नामों तथा संगठनों के दावों की सत्यता और स्वतंत्र पुष्टि करने में जुटी हुई हैं. 

इंदौर के तीन स्कूलों को भी मिली चेतावनी

इस मामले की गंभीरता तब और अधिक बढ़ गई जब इंदौर के तीन प्रतिष्ठित स्कूलों को भी इसी सिलसिले में धमकी भरे ई-मेल मिले. ये ई-मेल सोमवार सुबह प्राप्त हुए थे. मेल में स्कूलों के जरिए अभिभावकों को सख्त चेतावनी दी गई है कि वे 15 नवंबर को होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में अपने बच्चों को बिल्कुल भी न भेजें, क्योंकि वहां बड़ा बम धमाका किया जा सकता है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इंदौर पुलिस हरकत में आ गई है. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने इस बात की पुष्टि की है कि तीन स्कूलों को धमकी भरे मेल मिले हैं. उन्होंने बताया कि बच्चों और अभिभावकों में पैनिक न फैले, इसलिए एहतियात के तौर पर फिलहाल उन स्कूलों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं. पुलिस साइबर सेल की मदद से ई-मेल के आईपी एड्रेस, उसके स्रोत, भेजने वाले की असल पहचान और अन्य तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है. 

अमिताभ बच्चन के पैर छूने से जुड़ा है विवाद?

इस पूरे मामले के पीछे एक पुराना विवाद भी चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रतिबंधित संगठन 'सिख फॉर जस्टिस' (SFJ) के आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू का नाम पहले भी ऐसे मामलों से जुड़ा रहा है. रिपोर्ट्स के अनुसार, संगठन इस बात से खफा है कि दिलजीत दोसांझ ने हाल ही में एक इवेंट के दौरान बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर अमिताभ बच्चन के पैर छूकर उनका सम्मान किया था. खालिस्तानी समर्थकों और इस संगठन का आरोप है कि ऐसा करके दिलजीत ने 1984 के सिख दंगों के पीड़ितों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है. हालांकि, मौजूदा धमकी भरे ई-मेल और इस विवाद के बीच कोई सीधा और पुख्ता संबंध है या नहीं, यह पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही पूरी तरह साफ हो सकेगा. 

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

दिलजीत दोसांझ को मिल रही धमकियों का यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले 23 अक्टूबर को मुंबई की पूर्व महापौर रितु तावड़े के कार्यालय में भी एक ई-मेल आया था, जिसमें दिलजीत पर आत्मघाती हमले की धमकी दी गई थी। अब इंदौर जैसे शांत शहर में महापौर कार्यालय, स्कूलों और सीधे कॉन्सर्ट स्थल को टारगेट करने की चेतावनी मिलने के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गई हैं. 15 नवंबर को होने वाले इस मेगा इवेंट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अब प्रशासन के सामने एक बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है. कॉन्सर्ट स्थल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके.