UPSC CSE Mains Result 2026: जल्द जारी हो सकता है रिजल्ट, 933 पदों पर होगी भर्ती; जानें डाउनलोड करने का तरीका
UPSC CSE Mains Result 2026 जल्द जारी होने की संभावना है. जानें रिजल्ट डाउनलोड करने का तरीका, IAS-IPS की 933 रिक्तियां और नए परीक्षा नियम.
UPSC CSE Mains Result 2026: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा जल्द ही सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है. परीक्षा में शामिल होने वाले सभी परीक्षार्थी अपना परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर ऑनलाइन चेक और डाउनलोड कर सकेंगे. गौरतलब है कि यूपीएससी सिविल सेवा मेन्स परीक्षा 2026 का आयोजन 21, 22, 23, 29 और 30 अगस्त 2026 को विभिन्न केंद्रों पर किया गया था। मुख्य परीक्षा (मेन्स) में सफलता प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को अगले चरण यानी इंटरव्यू के लिए इनवाइट किया जाएगा. अंतिम चयन और मेरिट लिस्ट मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू में पाए कुल अंकों के आधार पर ही तैयार की जाएगी.
विभिन्न सेवाओं के लिए कुल 933 रिक्तियां
इस वर्ष यूपीएससी सीएसई 2026 के माध्यम से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और भारतीय विदेश सेवा (IFS) सहित विभिन्न अखिल भारतीय और केंद्रीय सेवाओं के लिए कुल 933 रिक्तियों को भरा जाएगा. प्रमुख सेवाओं के लिए निर्धारित पद और उनका श्रेणीवार ब्योरा इस प्रकार है:
-
भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS): कुल 180 पद
-
अनारक्षित (UR): 72 पद
-
अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC): 49 पद
-
अनुसूचित जाति (SC): 27 पद
-
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS): 18 पद
-
अनुसूचित जनजाति (ST): 14 पद
-
-
भारतीय पुलिस सेवा (IPS): कुल 150 पद
-
अनारक्षित (UR): 62 पद
-
अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC): 37 पद
-
अनुसूचित जाति (SC): 19 पद
-
अनुसूचित जनजाति (ST): 17 पद
-
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS): 15 पद
-
-
भारतीय विदेश सेवा (IFS): कुल 40 पद
-
अनारक्षित (UR): 19 पद
-
अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC): 11 पद
-
अनुसूचित जाति (SC): 6 पद
-
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS): 4 पद
-
अनुसूचित जनजाति (ST): 3 पद
-
समग्र रूप से सभी सेवाओं के लिए श्रेणीवार कुल पदों की स्थिति:
-
अनारक्षित (UR): 397 पद
-
अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC): 243 पद
-
अनुसूचित जाति (SC): 133 पद
-
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS): 88 पद
-
अनुसूचित जनजाति (ST): 72 पद
यूपीएससी सीएसई 2026 नेम-वाइज रिजल्ट पीडीएफ ऐसे करें डाउनलोड
परिणाम जारी होने के बाद उम्मीदवार नीचे दिए गए आसान चरणों का पालन करके अपनी सूची देख सकेंगे:
-
सबसे पहले यूपीएससी के आधिकारिक पोर्टल upsc.gov.in पर जाएं
-
होमपेज पर दिए गए 'What's New' सेक्शन या 'Examinations -> Written Results' विकल्प पर क्लिक करें
-
संबंधित परीक्षा लिंक—'Civil Services (Main) Examination 2026: Name-wise List PDF' पर क्लिक करें
-
इसके बाद पीडीएफ फाइल आपके डिवाइस में डाउनलोड हो जाएगी. अपना रिजल्ट या स्टेटस देखने के लिए कंप्यूटर पर Ctrl + F की या मोबाइल/टैबलेट में 'Find in Page' विकल्प का उपयोग करके अपना नाम या रोल नंबर टाइप करें.
सीएसई 2026 के नए नियम और महत्वपूर्ण प्रावधान
संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा 2026 के लिए कई कड़े और नए नियम लागू किए हैं, जिन्हें उम्मीदवारों को विशेष रूप से ध्यान में रखना चाहिए. इन नए प्रावधानों का मुख्य उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता लाना और सेवा में रहते हुए बार-बार परीक्षा देने की प्रवृत्ति पर लगाम लगाना है:
-
सेवारत अधिकारियों के लिए प्रतिबंध: नए प्रावधानों के तहत, वर्तमान में आईएएस (IAS) या आईएफएस (IFS) सेवा में कार्यरत कोई भी उम्मीदवार सीएसई-2026 में बैठने के लिए पात्र नहीं होगा. अगर कोई उम्मीदवार प्रारंभिक परीक्षा के बाद आईएएस या आईएफएस पद पर नियुक्त हो जाता है, तो वह प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने के बावजूद मुख्य परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेगा.
-
मुख्य परीक्षा के बाद नियुक्ति का नियम: अगर किसी अभ्यर्थी की नियुक्ति मुख्य परीक्षा शुरू होने के बाद, लेकिन परिणाम घोषित होने से पहले हो जाती है, तो उसे सीएसई-2026 के अंतिम परिणाम के आधार पर किसी भी अन्य सेवा या पद के लिए विचार नहीं किया जाएगा.
IPS और ग्रुप 'A' सेवा के उम्मीदवारों के लिए रैंक सुधार का एक बार का अवसर
-
सीएसई 2027 में शामिल होने की छूट: सीएसई 2026 के जरिए आईपीएस (IPS) या किसी भी केंद्रीय ग्रुप 'A' सेवा में चयनित उम्मीदवार पात्रता शर्तें पूरी करने पर सीएसई 2027 की परीक्षा में शामिल हो सकते हैं. इसके लिए उन्हें अपनी आवंटित सेवा की ट्रेनिंग में शामिल होने से 'एक बार की छूट' लेनी होगी.
-
ट्रेनिंग और फाउंडेशन कोर्स का नियम: उम्मीदवार केवल एक बार इस छूट का लाभ उठा सकता है. अगर वह ट्रेनिंग में शामिल होता है, तो उसे फाउंडेशन कोर्स (FC) में भाग लेना होगा. अगर उम्मीदवार न तो ट्रेनिंग में शामिल होता है और न ही छूट के लिए आवेदन करता है, तो उसका सीएसई 2026 का सेवा आवंटन रद्द कर दिया जाएगा.
-
चयन का विकल्प: अगर उम्मीदवार सीएसई 2027 में दोबारा चयनित होता है, तो उसे वर्ष 2026 या 2027 में से किसी एक सेवा को चुनना होगा. अगर वह कोई विकल्प नहीं चुनता है, तो सेवा आवंटन स्वतः रद्द कर दिया जाएगा.
-
सफलता न मिलने पर सुरक्षा: यदि उम्मीदवार सीएसई 2027 में शामिल होता है लेकिन उसे कोई नई सेवा नहीं मिलती है, तो वह सीएसई 2026 के माध्यम से पहले से आवंटित सेवा में शामिल हो सकता है. हालांकि, अंतिम रूप से चुनी गई सेवा की ट्रेनिंग में विफल रहने पर दोनों सेवाओं का आवंटन रद्द हो जाएगा.
-
वरिष्ठता (Seniority): उम्मीदवार की वरिष्ठता उस अंतिम सेवा के आधार पर तय होगी जिसमें वह शामिल होता है और इसमें कोई कटौती नहीं की जाएगी. इस एक बार के अवसर (One-Time Opportunity) का उपयोग करने के बाद, उम्मीदवार सीएसई 2028 या उसके बाद की परीक्षाओं में तब तक नहीं बैठ सकेगा जब तक कि वह अपनी नौकरी से इस्तीफा न दे दे.
-
पूर्व परीक्षार्थियों के लिए विशेष प्रावधान: सिविल सेवा परीक्षा 2025 या उससे पहले की परीक्षाओं के आधार पर सेवा आवंटन प्राप्त कर चुके जो उम्मीदवार अपने शेष प्रयासों का उपयोग करना चाहते हैं, उन्हें अपनी पात्रता के आधार पर सीएसई 2026 या सीएसई 2027 में उपस्थित होने के लिए बिना इस्तीफा दिए एक बार का अवसर मिलेगा. इसके बाद, जो उम्मीदवार सीएसई 2028 या आगे की परीक्षाओं में भाग लेना चाहेंगे, उन्हें अपनी वर्तमान आवंटित सेवा से इस्तीफा देना अनिवार्य होगा.
