IRCTC Tatkal Ticket: तत्काल टिकट की मारामारी के बीच काम आएगा ये तरीका, एजेंट की नहीं पड़ेगी जरूरत
त्योहारों और अचानक यात्रा की स्थिति में कन्फर्म ट्रेन टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है। लेकिन कुछ आसान ट्रिक्स अपनाकर आप खुद तत्काल टिकट बुक कर सकते हैं और कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ा सकते हैं।
त्योहारों का सीजन शुरू होते ही बड़ी संख्या में लोग दिवाली और छठ मनाने के लिए अपने घरों का रुख करते हैं। ऐसे में ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती है और कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है। टिकट नहीं मिलने पर कई लोग तत्काल कोटे का सहारा लेते हैं, लेकिन सीमित सीटों की वजह से तत्काल टिकट बुक करना किसी चुनौती से कम नहीं होता। यही वजह है कि कई यात्री एजेंट की मदद लेते हैं। हालांकि, अगर आप तत्काल टिकट बुकिंग से पहले सही तैयारी कर लें, तो बिना किसी एजेंट की मदद के भी टिकट बुक करने की कोशिश कर सकते हैं। इसके लिए IRCTC की वेबसाइट पर तेज बुकिंग के साथ कुछ जरूरी ट्रिक्स अपनाना फायदेमंद हो सकता है। अगर आप भी IRCTC से तत्काल टिकट बुक करना चाहते हैं, तो यहां आपको कुछ आसान टिप्स बताये जा रहे हैं, जिनसे बुकिंग के दौरान आपका समय बच सकता है। इनमें सबसे काम का फीचर मास्टर लिस्ट (Master List) है। इसकी मदद से आप यात्रियों की जानकारी पहले ही सेव कर सकते हैं, जिससे टिकट बुक करते समय बार-बार नाम और दूसरी डिटेल भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
मास्टर लिस्ट में पहले सेव करें पैसेंजर डिटेल्स
तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान हर सेकंड कीमती होता है। ऐसे में यात्रियों का नाम, उम्र और दूसरी जानकारी भरने में लगने वाला समय आपकी बुकिंग को मुश्किल बना सकता है। इससे बचने के लिए IRCTC का मास्टर लिस्ट फीचर काफी काम आ सकता है। इस फीचर की मदद से आप टिकट बुकिंग शुरू होने से पहले ही अपने परिवार या अन्य यात्रियों की जरूरी जानकारी IRCTC अकाउंट में सेव कर सकते हैं। बुकिंग के समय आपको बार-बार सभी डिटेल्स भरने की जरूरत नहीं होगी। आप मास्टर लिस्ट से यात्रियों को चुनकर आगे बढ़ सकते हैं और अपना समय बचा सकते हैं।
बुकिंग शुरू होने से पहले रहें तैयार
मास्टर लिस्ट बनाने के बाद बुकिंग के समय को लेकर भी सतर्क रहना जरूरी है। तत्काल टिकट की बुकिंग शुरू होने से करीब 1-2 मिनट पहले IRCTC की वेबसाइट या ऐप खोलकर लॉग-इन कर लें। साथ ही इंटरनेट कनेक्शन भी जांच लें, ताकि बुकिंग के दौरान नेटवर्क की वजह से देरी न हो। पहले से लॉग-इन रहने और सभी जरूरी जानकारियां तैयार रखने से बुकिंग प्रक्रिया तेज हो सकती है। हालांकि, इससे कन्फर्म टिकट मिलने की गारंटी नहीं होती, क्योंकि तत्काल कोटे में सीटें सीमित होती हैं और मांग काफी ज्यादा रहती है।
तत्काल टिकट के लिए अपनाएं ये तरीके, बढ़ेंगे कन्फर्म टिकट के चांस
तत्काल टिकट की बुकिंग में समय का खास ध्यान रखना जरूरी है। AC क्लास (फर्स्ट, सेकंड और थर्ड AC) के लिए बुकिंग सुबह 10 बजे शुरू होती है, जबकि स्लीपर और अन्य नॉन-AC क्लास के टिकट सुबह 11 बजे से बुक किए जा सकते हैं। ऐसे में बुकिंग शुरू होने से एक-दो मिनट पहले ही IRCTC की वेबसाइट या ऐप पर लॉगिन कर लें। लॉगिन करने के बाद यात्रा की शुरुआत और गंतव्य स्टेशन दर्ज करें। इसके बाद अपनी पसंद की ट्रेन चुन लें। जैसे ही तत्काल बुकिंग का समय शुरू हो, पेज रिफ्रेश करके आगे बढ़ें और मास्टर लिस्ट से यात्रियों की जानकारी चुन लें। इससे नाम और उम्र जैसी डिटेल्स भरने में समय बर्बाद नहीं होगा।
पेमेंट के लिए भी पहले से तैयारी रखें
IRCTC के E-Wallet या RailOne के R-Wallet में पैसे ऐड करके रखने से भुगतान जल्दी किया जा सकता है। UPI से भी पेमेंट का विकल्प मौजूद है, लेकिन थर्ड पार्टी ऐप पर जाने के कारण प्रक्रिया में अतिरिक्त समय लग सकता है। इसलिए रेलवे वॉलेट का इस्तेमाल करना एक सुविधाजनक विकल्प हो सकता है। इन तैयारियों से बुकिंग की प्रक्रिया तेज हो सकती है और कन्फर्म तत्काल टिकट मिलने की संभावना बेहतर हो सकती है। हालांकि, टिकट मिलने की गारंटी नहीं होती, क्योंकि यह सीटों की उपलब्धता और मांग पर निर्भर करता है।
Falak Abdeen 