'अंधभक्त' और 'गोदी मीडिया' से हटकर अब शशि थरूर लाए हैं 'Quockerwodger', जानें क्या है इस शब्द का मतलब

शशि थरूर ने Quockerwodger शब्द के जरिए राजनीतिक बहस को नया शब्द दिया है. जानिए इसका हिंदी अर्थ, इस्तेमाल और इससे जुड़ा पूरा इतिहास.

'अंधभक्त' और 'गोदी मीडिया' से हटकर अब शशि थरूर लाए हैं 'Quockerwodger', जानें क्या है इस शब्द का मतलब
Image From X Handle: @TharoorOffice

राजनीतिक बहस और सोशल मीडिया की दुनिया में अक्सर एक जैसे शब्दों को सुनकर लोग बोर हो जाते हैं. खासकर विरोधी पक्षों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले शब्द जैसे 'अंधभक्त', 'गोदी मीडिया' और 'पेड फॉलोअर्स' अब इतने आम हो चुके हैं कि बहस में कुछ नयापन नहीं दिखता. ऐसे में अपने अनोखे और कठिन अंग्रेजी शब्दों के लिए मशहूर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने राजनीति और सोशल मीडिया की डिक्शनरी में एक नया और दमदार शब्द जोड़ा है- 'क्वॉकरवॉजर' (Quockerwodger). 

क्या है 'क्वॉकरवॉजर' का मतलब?

तिरुवनंतपुरम से लोकसभा सांसद शशि थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर इस शब्द का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए इसका सटीक अर्थ बताया. उनके मुताबिक, 'क्वॉकरवॉजर' का मतलब है- एक ऐसी राजनीतिक कठपुतली या ऐसा व्यक्ति, जो पूरी तरह किसी अन्य व्यक्ति के नियंत्रण में हो और केवल उसके इशारों पर काम करता हो.' इस शब्द को शेयर करते हुए थरूर ने बड़े ही दिलचस्प अंदाज में लिखा, 'जो लोग दूसरों को 'अंधभक्त', 'गोदी', 'पेड फॉलोअर्स' और ऐसे ही पुराने शब्दों से ताने देकर थक चुके हैं, उनके लिए यह बिल्कुल सही और नया विकल्प है!.'

सरकार पर तंज और पुराना कनेक्शन

यह पहली बार नहीं है जब शशि थरूर ने इस शब्द के जरिए राजनीतिक कटाक्ष किया हो. इससे पहले सितंबर में भी उन्होंने इस शब्द को शेयर करते हुए इसे 'हमारे जमाने का शब्द' करार दिया था और केंद्र सरकार पर तीखा निशाना साधा था. उन्होंने तब कहा था, 'हमारे जमाने का शब्द! मुझे लगता है कि हमारी सत्ताधारी पार्टी ने पिछले एक दशक से अधिक समय में ऐसे कई लोगों को जन्म दिया है.' इसके अलावा, अप्रैल 2022 में भी थरूर ने इस शब्द का जिक्र करते हुए इसे राजनीतिक शब्दावली (Political Vocabulary) में एक बेहद उपयोगी और दिलचस्प इजाफा बताया था. 

थरूर की अनोखी अंग्रेजी का पुराना इतिहास

शशि थरूर अपनी भारी-भरकम और कम इस्तेमाल होने वाली अंग्रेजी शब्दावली के लिए ग्लोबल स्तर पर जाने जाते हैं. उनके ट्वीट अक्सर इंटरनेट यूजर्स के लिए किसी पहेली की तरह होते हैं, जिनके मतलब खोजने के लिए लोगों को डिक्शनरी का सहारा लेना पड़ता है. 

इससे पहले भी उन्होंने कई ऐसे शब्दों का इस्तेमाल कर राजनीतिक गलियारों में हलचल मचाई है:

  • एलोडोक्साफोबिया (Allodoxaphobia): जिसका मतलब होता है 'अपनी राय या विचारों के प्रति अनावश्यक डर'। इसका इस्तेमाल कर भी उन्होंने बीजेपी सरकार पर तंज कसा था।

  • फरागो (Farrago): जिसका अर्थ होता है 'एक भ्रमित करने वाला मिश्रण या गड्ड-मड्ड'

  • ट्रोग्लोडाइट (Troglodyte): जिसका उपयोग ऐसे व्यक्ति के लिए किया जाता है जिसे जानबूझकर अनजान, रूढ़िवादी या पुराने जमाने का माना जाता है