'20 बाजार, 20 व्यापारी, 20 मिनट': CTI ने राहुल गांधी से रैली पर बातचीत का रखा फॉर्मूला, 10,000 करोड़ के नुकसान की आशंका
दिल्ली में 1 नवंबर की महारैली को लेकर CTI ने राहुल गांधी से 20 मिनट की मुलाकात मांगी. व्यापारियों ने दिवाली सीजन में 10,000 करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका जताई.
दिल्ली के व्यापारियों और कांग्रेस के बीच रामलीला मैदान में होने वाली आगामी महारैली को लेकर घमासान और गहराता जा रहा है. चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को एक बार फिर से पत्र लिखा है. इस बार CTI ने पत्र में एक अनूठा और दिलचस्प फॉर्मूला पेश करते हुए राहुल गांधी से मुलाकात के लिए '20 मिनट का समय' मांगा है. संगठन का साफ कहना है कि यदि राहुल गांधी उन्हें यह समझा दें कि दीवाली के ठीक मुहाने पर हो रही इस रैली से व्यापारियों का फायदा होगा, तो वे खुद इस रैली का स्वागत करेंगे.
'20 बाजार, 20 व्यापारी और 20 मिनट' का फॉर्मूला'
CTI ने अपने इस ताज़ा और बेहद चर्चा में आए पत्र का विषय '20 बाजार, 20 व्यापारी, 20 मिनट' रखा है. संगठन ने राहुल गांधी के सामने एक खुला और दो-तरफा विकल्प रखा है. CTI का कहना है कि रामलीला मैदान के आसपास के 20 बड़े होलसेल बाजारों के 20 प्रमुख व्यापारी प्रतिनिधि राहुल गांधी से सिर्फ 20 मिनट की मुलाकात चाहते हैं. चुनौती और संवाद पत्र में लिखा गया है, 'अगर 20 मिनट की मुलाकात में राहुल गांधी जी हमें यह समझा देते हैं कि 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली महारैली से दिल्ली के व्यापारियों का व्यापार बढ़ेगा और ग्राहक बढ़ेंगे, तो CTI उसी क्षण अपना विरोध वापस ले लेगा और रैली का भव्य स्वागत करेगा.'
इसके उलट, व्यापारियों ने यह भी कहा है कि अगर वे 20 व्यापारी मिलकर राहुल गांधी को यह समझाने में कामयाब हो जाते हैं कि इस रैली की वजह से बाजारों को भारी नुकसान होगा, तो नेता विपक्ष को जनहित में इस रैली को दीवाली तक टाल देना चाहिए। पत्र में जोर देकर कहा गया है कि 'हम लड़ाई नहीं, बातचीत चाहते हैं.'
दीवाली के सीजन में 10,000 करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका
यह दूसरा मौका है जब CTI ने पत्र लिखकर कांग्रेस नेता से 1 नवंबर को प्रस्तावित रैली को स्थगित करने की अपील की है. संगठन का तर्क है कि यह समय त्योहारी सीजन यानी दीवाली का है, जो व्यापारियों के लिए साल का सबसे व्यस्त और कमाई वाला समय होता है. व्यापारियों का अनुमान है कि रामलीला मैदान में होने वाली इस विशाल रैली और उसमें जुटने वाली भारी भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप हो जाएगी, जिससे सिर्फ दिल्ली के बाजारों को लगभग 10,000 करोड़ रुपये का व्यापारिक नुकसान उठाना पड़ सकता है. CTI का कहना है कि दीवाली के समय बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही सबसे अहम होती है, और ऐसे में इस तरह के बड़े आयोजन व्यापार की कमर तोड़ सकते हैं.
'मोहब्बत की दुकान' का जिक्र कर भावुक अपील
राहुल गांधी के अक्सर इस्तेमाल किए जाने वाले राजनीतिक नारे पर तंज और कटाक्ष भरे अंदाज में व्यापारियों ने अपनी बात बेहद भावनात्मक तरीके से रखी है. CTI ने अपने पत्र में लिखा है- 'राहुल जी, आप अक्सर कहते हैं कि 'नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान' खोलते हैं। हम आपका पूरा सम्मान करते हैं, लेकिन दीवाली के इस पावन और व्यस्त बाजार में हमारी 'मोहब्बत की दुकान' यानी हमारे रोजगार को बंद मत करवाइए. आपकी इस मोहब्बत की दुकान का असली चेहरा और आधार तो हम व्यापारी ही हैं. उम्मीद है कि आप हमारी इस अपील को समझेंगे और 1 नवंबर की रैली पर चर्चा के लिए हमें 20 मिनट का समय देंगे.' अंत में व्यापारियों ने लोकतंत्र की खूबसूरती का हवाला देते हुए उम्मीद जताई है कि 'सबकी सुनने' का दावा करने वाले राहुल गांधी देश के छोटे व्यापारियों की इस गंभीर चिंता को सुनेंगे और इस पर सकारात्मक निर्णय लेंगे.
