आखिर छोटे बच्चों में क्यों बढ़ रही है मारपीट की प्रवृत्ति? जानें माता-पिता और टीचर्स की जिम्मेदारी
पंचकूला स्कूल में बच्ची के साथ मारपीट की घटना ने चिंता बढ़ाई है. जानें बच्चों में हिंसा के कारण, संकेत और माता-पिता व टीचर्स की जिम्मेदारियां.
हाल ही में हरियाणा के पंचकूला के एक सरकारी स्कूल में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है. आठ साल का तीसरी कक्षा का छात्र छह साल की केजी की छोटी बच्ची को खाली क्लासरूम में ले जाकर बुरी तरह पीटता रहा. सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखता है कि उसने बाल पकड़कर सिर बेंच पर पटक दिया, लातें मारीं, ईंट, पत्थर और गमले से वार किए. बच्ची बेहोश होने के बाद भी हमला नहीं रुका.
बच्ची की हालत गंभीर हो गई और उसे चंडीगढ़ के पीजीआई में भर्ती कराना पड़ा।यह घटना सिर्फ एक स्कूल की नहीं है. यह हमें सोचने पर मजबूर करती है कि इतने छोटे बच्चे इतने क्रूर और हिंसक कैसे हो जाते हैं. बचपन मासूमियत का समय होना चाहिए, लेकिन आज कई बच्चे गुस्से, मारपीट और हिंसा की ओर बढ़ रहे हैं. आइए समझें कि इसके पीछे क्या कारण हो सकते हैं और माता-पिता तथा टीचर्स को क्या करना चाहिए.
बच्चे इतने हिंसक क्यों हो रहे हैं?
बच्चों में हिंसा अचानक नहीं आती. इसके कई कारण होते हैं जो घर, स्कूल और आसपास के माहौल से जुड़े होते हैं।पहला बड़ा कारण घर का माहौल है. अगर घर में माता-पिता आपस में झगड़ते हैं, चिल्लाते हैं या बच्चे को मार-पीट कर सिखाते हैं, तो बच्चा वही सीखता है. बच्चे देखते हैं और नकल करते हैं. अगर घर में हिंसा सामान्य लगती है, तो स्कूल में भी वे दूसरों पर गुस्सा निकालने लगते हैं. कई बार माता-पिता बहुत व्यस्त रहते हैं या बच्चे की बात नहीं सुनते. बच्चा अपनी भावनाएं बता नहीं पाता, गुस्सा अंदर जमा होता जाता है और फिर फूट पड़ता है.
दूसरा कारण मीडिया और गेम्स का असर
आजकल बच्चे मोबाइल, टीवी और वीडियो गेम्स पर बहुत समय बिताते हैं। हिंसक कार्टून, फिल्में या गेम्स में मार-काट देखते-देखते हिंसा उनके दिमाग में सामान्य सी लगने लगती है। छोटे बच्चे सही-गलत का फर्क पूरी तरह नहीं समझ पाते। वे सोचते हैं कि मारना-पीटना भी खेल का हिस्सा है.
तीसरा कारण भावनात्मक और मानसिक दबाव है.
कई बच्चों को पढ़ाई का दबाव, तुलना, दोस्तों द्वारा चिढ़ाना या परिवार की परेशानियां झेलनी पड़ती हैं. कुछ बच्चों में एडीएचडी जैसी समस्याएं होती हैं, जिससे वे अपना गुस्सा कंट्रोल नहीं कर पाते. अगर इन संकेतों को समय पर न समझा जाए, तो छोटा-सा गुस्सा बड़े हमले में बदल सकता है. पंचकूला की घटना में भी लड़के के पहले से आक्रामक व्यवहार की शिकायतें बताई जा रही हैं.
चौथा कारण स्कूल में निगरानी की कमी है
अगर क्लास में टीचर्स कम हैं, बच्चे अकेले घूम रहे हैं या सीसीटीवी पर नजर नहीं रखी जा रही, तो ऐसी घटनाएं हो सकती हैं. छोटे बच्चे बिना निगरानी के आसानी से गलत कदम उठा सकते हैं. इन सबके अलावा, आजकल बच्चों को पेशेंस, सिम्पथी और अपनी फीलिंग्स एक्सप्रेस करने की ट्रेनिंग कम मिलती है. पुराने समय में गांव-मोहल्ले में बच्चे साथ खेलते थे, झगड़े सुलझाते थे. अब अकेलापन और स्क्रीन का समय बढ़ गया है.
माता-पिता को क्या करना चाहिए?
माता-पिता बच्चे के पहले गुरु होते है, सबसे पहले घर में शांति और प्यार का माहौल बनाएं. बच्चे के सामने झगड़ा न करें। अगर गुस्सा आए तो शांत होकर बात करें. बच्चे से रोज बात करें। पूछें कि स्कूल में क्या हुआ, कैसा महसूस हो रहा है. अगर बच्चा गुस्सा दिखाए, मारपीट करे या जानवरों को सताए तो इसे हल्के में न लें. तुरंत समझें और जरूरत पड़े तो काउंसलर या डॉक्टर से सलाह लें. मोबाइल और गेम्स का समय सीमित रखें. हिंसक कंटेंट से दूर रखें। बच्चे को कहानियां सुनाएं, साथ खेलें, बाहर घुमाएं. अच्छे व्यवहार की तारीफ करें और गलत पर शांत तरीके से समझाएं. मार-पीट से सिखाने की बजाय प्यार और नियमों से सिखाएं. अगर बच्चा आक्रामक है तो उसकी भावनाओं को स्वीकार करें. कहें, 'गुस्सा आना ठीक है, लेकिन मारना गलत है. चलो बात करके सुलझाते हैं.' इससे बच्चा सीखता है कि भावनाओं को कैसे संभालना है.
टीचर्स और स्कूल को क्या करना चाहिए?
स्कूल बच्चों का दूसरा घर है, टीचर्स को सिर्फ पढ़ाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए. क्लास में बच्चों के व्यवहार पर नजर रखें। अगर कोई बच्चा बार-बार झगड़ता है, दूसरों को सताता है या अलग-थलग रहता है, तो तुरंत माता-पिता से बात करें और मदद लें. स्कूल में पर्याप्त टीचर्स रखें ताकि बच्चे कभी अकेले न रहें. ब्रेक टाइम, क्लास चेंज और खाली कमरों पर सख्त निगरानी हो. सीसीटीवी सिर्फ लगाने से काम नहीं चलता, उस पर लगातार नजर रखनी चाहिए.
बच्चों को सोशल-इमोशनल लर्निंग दें, सिखाएं कि गुस्सा कैसे कंट्रोल करें, दोस्तों से कैसे बात करें और दूसरों की भावनाओं का सम्मान कैसे करें. छोटे-छोटे एक्टिविटीज, कहानियां और रोल-प्ले से यह सिखाया जा सकता है. अगर कोई घटना हो जाए तो उसे छिपाने की बजाय खुले में बात करें. पीड़ित बच्चे और उसके परिवार का समर्थन करें। दोषी बच्चे को भी सजा के साथ काउंसलिंग दें, क्योंकि छोटा बच्चा भी सुधार सकता है अगर सही दिशा मिले.
