1000 करोड़ की धोखाधड़ी के मामले में महेंद्र गोयनका फरार, गिरफ्तारी वारंट लेकर रायपुर पहुंची कोलकाता पुलिस
महेंद्र गोयनका की गिरफ्तारी के लिए कोलकाता पुलिस रायपुर पहुंची, लेकिन कारोबारी फरार हो गए। संजय पाठक की कंपनी से जुड़े 1000 करोड़ के कथित शेयर फ्रॉड की जांच जारी।
Raipur News: मध्य प्रदेश के भाजपा विधायक संजय पाठक की कंपनी से जुड़े कथित 1,000 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी मामले में रायपुर के कारोबारी महेंद्र गोयनका की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गिरफ्तारी वारंट लेकर रायपुर पहुंची कोलकाता पुलिस को कारोबारी नहीं मिला। पुलिस कार्रवाई की भनक लगने के बाद उनके फरार होने की जानकारी सामने आई है। अब पुलिस संभावित ठिकानों पर उनकी तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, कोलकाता हाई कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद पुलिस की टीम शनिवार, 7 नवंबर को रायपुर पहुंची थी। टीम खम्हारडीह थाने में स्थानीय स्तर पर जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही थी। इसी दौरान महेंद्र गोयनका को पुलिस के पहुंचने की जानकारी मिल गई और वह वहां से निकल गए।
रायपुर के आनंदम वर्ल्ड सिटी में रहते थे कारोबारी
महेंद्र गोयनका मूल रूप से मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के निवासी बताए जाते हैं। वह रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित कचना के आनंदम वर्ल्ड सिटी में रह रहे थे। उनका कारोबारी नेटवर्क माइनिंग, मिनरल्स, इस्पात, जेम्स और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में फैला हुआ है। वह कई कंपनियों में निदेशक और साझेदार भी रह चुके हैं।
जाली दस्तावेजों से 5 हजार शेयर ट्रांसफर करने का आरोप
यह मामला यूरो प्रतीक इस्पात इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़ी कंपनियों के शेयरों के कथित अवैध हस्तांतरण से संबंधित है। शिकायत के अनुसार, महेंद्र गोयनका और उनके सहयोगियों पर फर्जी दस्तावेज, जाली हस्ताक्षर और कंपनी की नकली मुहरों का इस्तेमाल कर शेयरों के मालिकाना हक में बदलाव करने का आरोप है।
शिकायतकर्ता एडमिट विनट्रेड प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक गोपाल कुमार यादव का दावा है कि उनकी कंपनी के पास व्यू टेक मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड के 5,000 शेयर थे। ये शेयर 4 फरवरी 2018 को उनकी कंपनी के नाम विधिवत दर्ज किए गए थे।
आरोप है कि बाद में कंपनी के संशोधित वार्षिक रिटर्न में इन शेयरों को महेंद्र गोयनका एंड संस के नाम दर्शा दिया गया। शिकायत में इस कथित हेरफेर के जरिए एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियों पर नियंत्रण हासिल करने की साजिश का आरोप लगाया गया है।
30 अक्टूबर को दर्ज हुई FIR, आठ लोगों के नाम
इस मामले में कोलकाता के बोबाजार थाने में 30 अक्टूबर 2026 को एफआईआर दर्ज की गई थी। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, महेंद्र गोयनका सहित आठ लोगों को मामले में नामजद किया गया है।
पुलिस धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है। गिरफ्तारी वारंट के आधार पर कोलकाता पुलिस रायपुर पहुंची थी, लेकिन कारोबारी के फरार होने के कारण फिलहाल गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
