India Economy Growth: भारत की अर्थव्यवस्था लगाएगी लंबी छलांग! 2027 में चीन को मिलेगी कड़ी टक्कर
2027 में भारत की अर्थव्यवस्था कितनी लंबी छलांग लगाने वाली है? गोल्डमैन सैश की रिपोर्ट में भारत और चीन की ग्रोथ को लेकर चौंकाने वाला अनुमान सामने आया है। क्या आर्थिक विकास की रफ्तार में भारत चीन को पीछे छोड़ देगा? जानिए पूरी रिपोर्ट।
भारतीय अर्थव्यवस्था की रफ्तार आने वाले वर्षों में भी दुनिया के बड़े देशों के मुकाबले मजबूत बनी रह सकती है। ग्लोबल इन्वेस्टमेंट बैंक गोल्डमैन सैश (Goldman Sachs) की रिपोर्ट के मुताबिक, 2027 में भारत की GDP ग्रोथ 7.2 फीसदी रहने का अनुमान है। वहीं, चीन की अर्थव्यवस्था 4.5 फीसदी की दर से बढ़ सकती है। यानी विकास दर के मामले में भारत चीन से आगे रह सकता है। रिपोर्ट में 2026 को लेकर भी भारत के लिए अच्छी तस्वीर पेश की गई है। अनुमान है कि इस साल भारतीय अर्थव्यवस्था 7.9 फीसदी की दर से बढ़ेगी, जबकि चीन की ग्रोथ 4.4 फीसदी रह सकती है। दूसरी ओर, दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था अमेरिका की विकास दर 2026 में 2.3 फीसदी और 2027 में 2.4 फीसदी रहने का अनुमान लगाया गया है। इन आंकड़ों से साफ है कि गोल्डमैन सैश के अनुमानों के मुताबिक, आने वाले समय में भारत की आर्थिक विकास दर प्रमुख वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं से तेज रह सकती है।

AI पर दुनिया लगाएगी अरबों-खरबों डॉलर
दुनियाभर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है और इसके साथ ही इस सेक्टर में निवेश भी बढ़ने की उम्मीद है। गोल्डमैन सैश की रिपोर्ट के मुताबिक, 2027 तक AI पर वैश्विक खर्च बढ़कर 1.8 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है। जबकि 2026 में इसके करीब 1.1 ट्रिलियन डॉलर रहने का अनुमान है। इस बढ़ते निवेश में अमेरिका की बड़ी भूमिका रहने वाली है। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी कंपनियां AI से जुड़े हार्डवेयर पर करीब 500 अरब डॉलर का अतिरिक्त निवेश कर सकती हैं। इसमें AI चिप्स, सर्वर और दूसरी जरूरी तकनीकी मशीनों की खरीद शामिल है। दरअसल, AI टेक्नोलॉजी को बेहतर बनाने और उसका इस्तेमाल बढ़ाने के लिए बड़ी कंपनियां लगातार नए डेटा सेंटर और तकनीकी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर रही हैं। यही वजह है कि आने वाले समय में AI पर होने वाला खर्च वैश्विक अर्थव्यवस्था की ग्रोथ को नई दिशा दे सकता है।
AI बनेगा दुनिया की इकोनॉमी का ग्रोथ इंजन
AI में बढ़ता निवेश आने वाले समय में दुनिया की अर्थव्यवस्था को भी रफ्तार दे सकता है। गोल्डमैन सैश की रिपोर्ट के मुताबिक, 2027 में AI पर होने वाले खर्च से वैश्विक GDP ग्रोथ में करीब 0.4 फीसदी अंक का इजाफा हो सकता है। वहीं, अमेरिका की आर्थिक विकास दर को इससे लगभग 0.6 फीसदी अंक का फायदा मिलने का अनुमान है। हालांकि, रिपोर्ट तैयार करते समय सेमीकंडक्टर सेक्टर में निवेश और उससे जुड़े इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी के निर्यात की गणना में मौजूद कुछ सीमाओं को भी ध्यान में रखा गया है। ऐसे में AI निवेश का अर्थव्यवस्था पर वास्तविक असर इन अनुमानों से अलग भी हो सकता है।
ग्लोबल इकोनॉमी को मिलेगा बूस्ट
गोल्डमैन सैश के अनुमान के मुताबिक, 2027 में दुनिया की अर्थव्यवस्था की विकास दर बढ़कर 2.8 फीसदी तक पहुंच सकती है। वहीं, 2026 में इसके 2.7 फीसदी रहने का अनुमान है। इस मामूली बढ़त के पीछे ऊर्जा की कीमतों में संभावित गिरावट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में बढ़ता निवेश अहम भूमिका निभा सकते हैं। ऊर्जा सस्ती होने से कंपनियों की उत्पादन लागत कम हो सकती है, जिसका फायदा कारोबार और आर्थिक गतिविधियों को मिल सकता है। इसके अलावा, AI सेक्टर में लगातार बढ़ रहा निवेश भी दुनिया की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में मदद कर सकता है। गोल्डमैन सैश रिसर्च के मुख्य अर्थशास्त्री और प्रमुख जान हैटजियस के मुताबिक, वैश्विक अर्थव्यवस्था में ऊर्जा की लागत, टेक्नोलॉजी पर होने वाला निवेश और सरकारों की वित्तीय नीतियां अहम भूमिका निभा रही हैं। उनका मानना है कि 2027 में दुनिया की आर्थिक विकास दर अच्छी रह सकती है, हालांकि इसमें बहुत बड़ी तेजी आने की उम्मीद नहीं है।
Falak Abdeen 