Diya Mirza Video Controversy: एक वीडियो पर हाईकोर्ट सख्त! दीया मिर्जा विवाद में BMC को दोबारा अपलोड का आदेश
बॉम्बे हाईकोर्ट ने दीया मिर्जा का दिवाली वीडियो हटाने पर BMC को फटकार लगाई और उसे दोबारा अपलोड करने का आदेश दिया।
अभिनेत्री दीया मिर्जा के दिवाली वीडियो को सोशल मीडिया से हटाए जाने के मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट ने नाराजगी जताई है। कहा कि यह वीडियो पर्यावरण संरक्षण और पटाखा-मुक्त दिवाली को बढ़ावा देने के लिए बनाया गया था। अदालत ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) को निर्देश दिया कि दीया मिर्जा के इस वीडियो को तुरंत दोबारा सोशल मीडिया पर अपलोड किया जाए।
कोर्ट ने कहा- विवाद से बेहद दुखी है अदालत
बॉम्बे हाईकोर्ट ने मंगलवार को मामले की सुनवाई के दौरान दीया मिर्जा के वीडियो को लेकर हुए विवाद पर गहरी नाराजगी जताई। अदालत ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से उसे बेहद दुख हुआ है। दरअसल, मुंबई बीजेपी नेता अमित साटम की कड़ी आपत्ति के बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से दीया मिर्जा का ग्रीन दिवाली अभियान वाला वीडियो हटा दिया था। इसके बाद यह मामला कोर्ट पहुंचा। अब हाईकोर्ट ने BMC को निर्देश दिया है कि वह दीया मिर्जा का वीडियो दोबारा सोशल मीडिया पर अपलोड करे।
भारत धर्मनिरपेक्ष देश है', दीया मिर्जा विवाद पर HC की नेताओं को नसीहत
जस्टिस गिरीश कुलकर्णी और जस्टिस नीला गोखले की पीठ ने कहा कि कुछ लोगों, खासकर जनता का प्रतिनिधित्व करने वाले नेताओं की छोटी सोच से अदालत आहत है। सोच बेहद दुखद है। अदालत के मुताबिक, दीया मिर्जा के वीडियो का उद्देश्य समाज में जागरूकता फैलाना और लोगों को पर्यावरण के साथ-साथ वायु व ध्वनि प्रदूषण के प्रति सचेत करना था। लेकिन इस संदेश को गलत दिशा दे दी गई। बीजेपी नेताओं के विरोध के बाद BMC ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से यह वीडियो हटा दिया था। इस पर अदालत ने नेताओं की टिप्पणियों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है। सिर्फ दूसरे धर्म से जुड़े होने के कारण किसी के अच्छे संदेश पर आपत्ति क्यों होनी चाहिए? पीठ ने यह भी स्पष्ट किया कि पटाखों पर रोक लगाने का मतलब त्योहार मनाने के अधिकार को छीनना नहीं है। अदालत ने कहा कि दीया मिर्जा ने पर्यावरण और कोर्ट के आदेश को लेकर अच्छा संदेश दिया था। कई सेलिब्रिटीज भी इस जागरूकता अभियान में निस्वार्थ भाव से आगे आए हैं। पीठ ने साफ कहा कि स्वास्थ्य और पर्यावरण जैसे मुद्दों पर गुटबाजी या सांप्रदायिक सोच के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।
वीडियो हटाने पर BMC को हाईकोर्ट की फटकार
बॉम्बे हाईकोर्ट ने कहा कि सार्वजनिक पदों पर बैठे लोगों से इस तरह के व्यवहार की उम्मीद नहीं की जाती। अदालत ने BMC को निर्देश दिया कि हटाए गए वीडियो को तुरंत दोबारा सोशल मीडिया पर अपलोड किया जाए। साथ ही, कोर्ट ने BMC की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। पीठ ने कहा कि विवाद खड़ा होने पर नगर निगम को दबाव में आकर वीडियो नहीं हटाना चाहिए था।
क्या था पूरा मामला
दिवाली के दौरान बढ़ते वायु और ध्वनि प्रदूषण को लेकर BMC ने जन-जागरूकता अभियान शुरू किया था। इसी अभियान के तहत अभिनेत्री दीया मिर्जा का एक वीडियो जारी किया गया था, जिसमें उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और पटाखा-मुक्त दिवाली का संदेश दिया था। हालांकि, कुछ बीजेपी नेताओं और मुंबई की मेयर रितु तावड़े की कड़ी आपत्ति के बाद BMC ने सोमवार को इस वीडियो को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया। इसके बाद यह मामला विवादों में आ गया।
Falak Abdeen 