अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे से पहले संतों का विरोध, राम मंदिर दर्शन के लिए रखी माफी की शर्त

अखिलेश यादव के 12 दिसंबर के अयोध्या दौरे से पहले संतों ने विरोध जताया. राम मंदिर दर्शन से पहले कारसेवकों की घटना पर सार्वजनिक माफी की मांग की.

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे से पहले संतों का विरोध, राम मंदिर दर्शन के लिए रखी माफी की शर्त
Image From Instagram: socialist_akhileshyadav

उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर अयोध्या का दौरा और राम मंदिर का मुद्दा केंद्र में आ गया है. समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आगामी 12 दिसंबर को प्रस्तावित अयोध्या दौरे से पहले राज्य का सियासी पारा काफी चढ़ गया है. अयोध्या के संत समाज ने इस दौरे को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए मोर्चा खोल दिया है और एक बड़ी बैठक कर साफ शर्तें रख दी हैं. 

मणिराम दास छावनी में हुई संतों की बड़ी बैठक

बुधवार को अयोध्या की प्रसिद्ध पीठ मणिराम दास छावनी में उत्तराधिकारी कमलनयन दास की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई. इस उच्च-स्तरीय बैठक में अयोध्या के लगभग 400 प्रमुख संत-महंत और प्रख्यात संत शामिल हुए. बैठक का मुख्य एजेंडा अखिलेश यादव का प्रस्तावित अयोध्या दौरा था. संतों ने खुलकर इस दौरे का विरोध जताया और अपना कड़ा पक्ष रखा. संतों का साफ कहना है कि जब तक सपा प्रमुख द्वारा अतीत के मामलों को लेकर स्पष्ट रुख नहीं अपनाया जाता, तब तक उनका अयोध्या में स्वागत करना मुश्किल है. 

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य की दो-टूक

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की धार्मिक समिति के सदस्य राजकुमार दास ने इस पूरे घटनाक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के अयोध्या आने और दर्शन करने पर किसी को कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए, क्योंकि भगवान के दरबार में सभी का स्वागत है. हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने एक कड़ी शर्त भी रख दी है. राजकुमार दास ने मांग की है कि चूंकि अतीत में कार सेवकों पर गोलियां चलवाई गई थीं, इसलिए अखिलेश यादव को उस घटना के लिए और उसमें हताहत हुए कार सेवकों के परिजनों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए. उन्होंने चेतावनी भरे लहaje में कहा कि यदि वे बिना माफी मांगे अयोध्या आते हैं, तो उन्हें शहर में घुसने नहीं दिया जाएगा. 

पवन पांडेय ने की थी दौरे की घोषणा

राजनीतिक गलियारों में हलचल तब शुरू हुई जब समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय ने एक मीडिया कार्यक्रम के दौरान घोषणा की कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या आ रहे हैं. पवन पांडेय के अनुसार, इस दौरे में अखिलेश यादव के साथ उनकी पत्नी डिंपल यादव और उनके बच्चे भी मौजूद रहेंगे. उन्होंने स्पष्ट किया था कि यह दौरा पूरी तरह से धार्मिक होगा और सपा प्रमुख अपना पूरा दिन रामनगरी में बिताएंगे. तय कार्यक्रम के मुताबिक, उन्हें सबसे पहले हनुमानगढ़ी जाकर दर्शन-पूजन करना था, उसके बाद राम मंदिर जाकर रामलला के दर्शन करने थे. इसके अलावा, इस दौरे के दौरान उनके स्थानीय साधु-संतों और महंतों से भी मिलने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस घोषणा के सामने आते ही अयोध्या से लेकर लखनऊ तक की सियासत गरमा गई.

लखनऊ में अखिलेश यादव ने साधी चुप्पी

एक तरफ जहां अयोध्या के संत-महंतों ने इस दौरे को लेकर तीखा विरोध जताया है, वहीं दूसरी तरफ खुद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस पर पूरी तरह से चुप्पी साध ली है. बुधवार को लखनऊ में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान जब पत्रकारों ने उनसे उनके अयोध्या दौरे के बारे में सवाल पूछा, तो उन्होंने किसी भी तरह का सीधा जवाब देने से परहेज किया और बात को टाल गए। हालांकि, इस दौरान उन्होंने अपनी आस्था और राजनीति को साधते हुए कहा कि 'भगवान सबके हैं.' अखिलेश यादव ने चुटीले अंदाज में यह भी जोड़ा कि वे सिर्फ अयोध्या ही नहीं, बल्कि केदारेश्वर और मथुरा भी जाएंगे. उन्होंने अपने ही अंदाज में 'पीडीए' (PDA) का नया अर्थ समझाते हुए कहा, 'पीडीए का मतलब है- पहले दर्शन और फिर आशीर्वाद.' इसके अलावा, परिवार और पार्टी के भीतर की स्थिति पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि उनके घर में 'शिव' और 'राम गोपाल' दोनों पहले से मौजूद हैं और उनके दोनों चाचा उनके साथ हैं.