White House Diwali 2025: ट्रंप ने ओवल ऑफिस में जलाया दीया, विशाल गोंडल ने गिफ्ट की हनुमान चालीसा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में दिवाली मनाई. विशाल गोंडल ने उन्हें हनुमान चालीसा भेंट की। जानिए समारोह में कौन-कौन हुआ शामिल.

White House Diwali 2025: ट्रंप ने ओवल ऑफिस में जलाया दीया, विशाल गोंडल ने गिफ्ट की हनुमान चालीसा
Image From X Handle: @vishalgondal

दुनिया के सबसे ताकतवर देश अमेरिका के व्हाइट हाउस में इस बार की दिवाली बेहद खास और ऐतिहासिक रही. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में आयोजित एक भव्य समारोह में हिस्सा लिया और पारंपरिक रूप से दीया जलाकर दिवाली मनाई. इस खास मौके पर भारतीय मूल के कई दिग्गज, नामचीन उद्यमी और अमेरिकी प्रशासन के शीर्ष पदों पर बैठे भारतीय-अमेरिकी चेहरे गवाह बने. 

ओवल ऑफिस में सजा भारत का रंग

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, इस खास दीपोत्सव समारोह में अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा, एफबीआई (FBI) डायरेक्टर काश पटेल, मशहूर शेफ विकास खन्ना, GOQii के फाउंडर और जाने-माने एंटरप्रेन्योर विशाल गोंडल, आईबीएम (IBM) के सीईओ अरविंद कृष्णा और यूएस नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ के डायरेक्टर जय भट्टाचार्य जैसे प्रतिष्ठित लोग मौजूद रहे। राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने प्रशासन के इन खास सदस्यों और भारतीय-अमेरिकी दिग्गजों के बीच ओवल ऑफिस में रोशनी के इस त्योहार का जश्न मनाया. 

विशाल गोंडल ने ट्रंप को भेंट की ‘हनुमान चालीसा’

इस सेलिब्रेशन के दौरान सबसे खास लम्हा तब आया जब भारतीय उद्यमी और GOQii के संस्थापक विशाल गोंडल ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की और उन्हें पवित्र ‘हनुमान चालीसा’ की एक कॉपी गिफ्ट में दी. समारोह के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए विशाल गोंडल ने लिखा, 'ओवल ऑफिस में रोशनी का एक अद्भुत पल. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ दिवाली मनाकर और उन्हें हनुमान चालीसा की एक कॉपी भेंट करके बेहद गर्व महसूस कर रहा हूं. यह संत तुलसीदास द्वारा भगवान हनुमान की महिमा में लिखा गया वह भजन है, जिसे हममें से लाखों लोग संकट के समय हिम्मत, भक्ति और आंतरिक शक्ति के लिए पढ़ते हैं' गोंडल ने आगे बताया कि जब व्हाइट हाउस में दीये रोशन किए गए, तो उनके दिल में भारत और अमेरिका के बीच अटूट दोस्ती और बुराई पर अच्छाई की जीत की ही प्रार्थना चल रही थी. 

‘जुग जुग जियो’ के आशीर्वाद के साथ दिया शांति का संदेश

भारतीय संस्कृति की गहरी छाप छोड़ते हुए विशाल गोंडल ने अपने पोस्ट में पारंपरिक भारतीय आशीर्वाद “जुग जुग जियो” का भी जिक्र किया. उन्होंने लिखा, 'जुग जुग जियो' एक ऐसा आशीर्वाद है जिसे हममें से अधिकांश लोग बचपन से सुनते आए हैं, जिसका अर्थ है 'आप लंबी उम्र जिएं.' मेरे हर काम के पीछे यही एक प्रार्थना होती है, और आज मैंने इसे दुनिया भर के हर शख्स के लिए समर्पित किया है शांति, खुशहाली, अच्छी सेहत और लंबी उम्र। सभी को हैप्पी दिवाली, जुग जुग जियो.'

व्हाइट हाउस में दिवाली की परंपरा का इतिहास

व्हाइट हाउस में दिवाली मनाने की यह खूबसूरत परंपरा कोई नई नहीं है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका में व्हाइट हाउस के भीतर दिवाली मनाने की शुरुआत पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू. बुश ने साल 2003 में की थी. इसके बाद, साल 2009 में तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में आयोजित एक भव्य समारोह में आधिकारिक रूप से दीया जलाने वाले अमेरिका के पहले राष्ट्रपति बने थे. तब से लेकर आज तक, अमेरिकी राष्ट्रपतियों द्वारा व्हाइट हाउस में दिवाली के दीये जलाने का यह सिलसिला लगातार जारी है, जो दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और कूटनीतिक नजदीकियों को और मजबूत करता है.