सोनिया गांधी के दिल पर किस घटना ने किया था गहरा वार? 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में बयां किया दर्द
सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में राजीव गांधी के साथ उनकी प्रेम कहानी, भारत में शुरुआती दिनों और इंदिरा गांधी की हत्या से जुड़े निजी अनुभवों का जिक्र है।
सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित किताब *'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव'* आज लॉन्च हो गई। इस किताब में उन्होंने अपनी निजी जिंदगी से लेकर भारतीय राजनीति के कई अहम घटनाक्रमों तक के अनुभव साझा किए हैं। दिल्ली के खान मार्केट स्थित एक बुक स्टोर पर यह किताब नजर आई। सोनिया गांधी ने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए लिखा है कि जब वह नई-नवेली दुल्हन बनकर भारत आई थीं, तब उन्हें देश के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी। लेकिन राजीव गांधी के साथ रहते हुए उन्होंने धीरे-धीरे भारत को समझा। किताब में उन्होंने इंदिरा गांधी की हत्या से जुड़े उस दिन के अनुभवों और परिवार पर पड़े उसके असर को भी साझा किया है।
इमरजेंसी पर सोनिया गांधी का बड़ा खुलासा
इमरजेंसी के दौर को याद करते हुए सोनिया गांधी ने लिखा है कि इसके लिए सिर्फ संजय गांधी को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं होगा। उनके मुताबिक, इंदिरा गांधी के कुछ वरिष्ठ सहयोगियों का भी उन पर काफी दबाव था। सोनिया ने लिखा कि उस समय राजीव गांधी उन चुनिंदा लोगों में थे, जिनकी राय इंदिरा गांधी से अलग थी। उन्होंने आगे कहा कि धीरे-धीरे इंदिरा गांधी को हालात की वास्तविकता समझ आने लगी थी और उन्होंने स्थिति सुधारने के लिए कदम उठाने शुरू किए। हालांकि, सोनिया ने किताब में इंदिरा गांधी पर दबाव बनाने वाले किसी भी सहयोगी का नाम नहीं लिया है।
इंदिरा-राजीव से मिली प्रेरणा
सोनिया गांधी ने किताब में अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए लिखा है कि जब वह नई-नवेली दुल्हन बनकर भारत आई थीं, तब उन्हें इस देश के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी। आज वह जो कुछ भी हैं और जितना कुछ जानती हैं, उसका श्रेय वह इंदिरा गांधी और राजीव गांधी को देती हैं। सोनिया के मुताबिक, दोनों के साहस, दूसरों के प्रति संवेदनशीलता, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक भारत के प्रति प्रतिबद्धता और कर्तव्य के प्रति समर्पण ने उन्हें काफी प्रेरित किया। उन्होंने लिखा कि मुश्किल और असमंजस के दौर में इन्हीं दोनों से उन्हें हिम्मत मिली और अपने फैसलों पर डटे रहने का हौसला भी। सोनिया गांधी ने यह भी बताया कि वह करीब एक दशक से इस किताब को लिखने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन पिछले पांच वर्षों में उन्होंने इसे गंभीरता से लिखना शुरू किया।
सोनिया गांधी ने किताब में बयां किया दर्द
31 अक्टूबर 1984 का दिन गांधी परिवार के लिए कभी न भूलने वाला था। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के उस दिन को याद करते हुए सोनिया गांधी ने अपनी किताब में कई भावुक संस्मरण साझा किए हैं। उन्होंने लिखा, “मुझे ऐसा लगा, जैसे सीधे मेरे दिल में छुरा घोंप दिया गया हो।” सोनिया ने बताया कि यह बात उनके मन में तब आई, जब राजीव गांधी ने उन्हें बताया कि इंदिरा गांधी की हत्या वाले दिन ही उनसे प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने को कहा गया था। उस दिन की घटना को याद करते हुए सोनिया ने लिखा कि वह अपने कमरे में लौटी थीं। तभी उनकी सास इंदिरा गांधी घर के पास स्थित अपने दफ्तर के लिए निकलीं। सोनिया नहाने की तैयारी कर ही रही थीं कि अचानक उन्हें पटाखों जैसी धमाकों की आवाज सुनाई दी। आवाज कुछ अलग थी और वह वहीं ठिठक गईं। सोनिया गांधी ने किताब में उस पल का भी जिक्र किया है, जब उन्हें इंदिरा गांधी पर हुए हमले की खबर मिली।

उन्होंने लिखा कि अचानक कोई उनके बाथरूम का दरवाजा जोर-जोर से पीटने लगा। बाहर बच्चों की आया ओंगमू थी, जो रो रही थी। उसने बिना कुछ कहे हाथों से बगीचे की तरफ इशारा किया।सोनिया ने आगे लिखा कि वह तुरंत अकबर रोड की ओर दौड़ीं। वहां उन्होंने एक सफेद एम्बेसडर कार को धीरे-धीरे आगे बढ़ते देखा। यह दृश्य देखकर वह घबरा गईं। उन्होंने बताया कि डर के मारे उनका दम घुटने लगा और उन्हें लगा कि वह वहीं गिर पड़ेंगी। सोनिया गांधी ने किताब में उस भयावह पल को याद करते हुए लिखा कि वह कार में इंदिरा गांधी के पास बैठी थीं। उनकी साड़ी खून से सनी थी और छाती से खून बह रहा था। उनकी आंखें खुली थीं, लेकिन शरीर में कोई हलचल नहीं थी। सोनिया ने बताया कि उन्होंने बार-बार 'मम्मी' कहकर उन्हें पुकारने की कोशिश की, लेकिन उनके मुंह से आवाज तक नहीं निकल पा रही थी। इंदिरा गांधी की ओर से कोई जवाब नहीं मिल रहा था। उन्होंने आगे लिखा कि इंदिरा गांधी के सहयोगी कार के आगे बैठे थे और लगातार चिल्ला रहे थे। भारी ट्रैफिक के कारण कार भी मुश्किल से आगे बढ़ पा रही थी।
Falak Abdeen 