9 साल की बेटी की क्लासरूम में मौत, मन्नतों के बाद मिली थी औलाद, CCTV में कैद हुई घटना
आठ साल के इंतजार और मन्नतों के बाद मिली नौ साल की बेटी की स्कूल में मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बेटी की परवरिश के लिए मां ने अपना करियर तक छोड़ दिया था। दिल्ली के मयूर विहार में हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
आठ साल के लंबे इंतजार और कई मन्नतों के बाद परिवार में बेटी की किलकारी गूंजी थी। वह माता-पिता के लिए किसी अनमोल तोहफे से कम नहीं थी। उसकी मुस्कान से घर खुशियों से भर जाता था। पिता आर्थिक चुनौतियों के बावजूद बेटी को अच्छे स्कूल में पढ़ा रहे थे। वहीं, मां ने भी उसके बेहतर भविष्य के लिए अपने सपनों को पीछे छोड़ दिया। शादी के बाद बीएड करने वाली मां शिक्षिका बनना चाहती थीं, लेकिन बेटी के जन्म के बाद उन्होंने अपना करियर छोड़ दिया और उसकी परवरिश को ही अपनी प्राथमिकता बना लिया। माता-पिता ने कभी नहीं सोचा था कि जिस बेटी के लिए उन्होंने अपने सपने कुर्बान कर दिए, वही एक दिन उनसे हमेशा के लिए बिछड़ जाएगी। दिल्ली के मयूर विहार स्थित एक स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली नौ साल की बच्ची की मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। बच्ची के पिता मौलाना आजाद अस्पताल में एंबुलेंस चलाते हैं और शाम को जिम में ट्रेनिंग देते हैं। उनके लिए बेटी की पढ़ाई, उसकी पसंद और उसकी खुशियां ही सबसे बढ़कर थीं।

बैडमिंटन खेलना था पसंद, पिता और चाचा के साथ बिताती थी वक्त
बच्ची को खेलकूद का काफी शौक था। उसे बैडमिंटन खेलना पसंद था और वह अक्सर पिता व चाचा के साथ खेलती थी। शाम को पिता जिम जाते तो कई बार वह भी उनके साथ चली जाती थी। उसकी चंचलता और खेलों के प्रति लगाव पूरे परिवार की खुशी का हिस्सा था। किसी ने नहीं सोचा था कि हमेशा खेलती-कूदती रहने वाली बच्ची की जिंदगी का अंत स्कूल में इस तरह हो जाएगा।
बेटी की याद में थाने में बिलखती रही मां, रोते-रोते हुई बेसुध
बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां इस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर सकीं। वह रोते-रोते बेसुध हो गईं। परिवार में दो भाई और दो बहनें हैं। बच्ची के चाचा ग्राफिक डिजाइनर हैं, जबकि दादा नगर निगम में काम करते हैं। पूरे परिवार की लाडली बेटी के जाने से घर में मातम पसरा है।
तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची की स्कूल में हुई मौत
छात्रा मयूर विहार फेज-2 स्थित एक निजी स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ती थी। बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे उसके पिता उसे स्कूल छोड़कर आए थे। करीब 10 बजे परिवार को स्कूल से फोन आया कि बच्ची की तबीयत बिगड़ गई है। सूचना मिलते ही घर पर मौजूद मां घबराकर तुरंत स्कूल के लिए रवाना हो गईं। इसके बाद मां स्कूल स्टाफ के साथ अस्पताल पहुंचीं, जहां उन्हें बेटी की मौत की खबर मिली। स्कूल के शिक्षकों के मुताबिक, सुबह करीब 8:30 से 9:10 बजे तक बच्चों का पीटी पीरियड था। इसके खत्म होने के बाद सभी छात्र अपनी-अपनी कक्षाओं में लौट गए थे। छात्रा भी कक्षा में पहुंचकर खड़ी हो गई। इसी दौरान सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि उसने अपने दोनों हाथ कमर पर रखे और अचानक मुंह के बल फर्श पर गिर गई। गिरने से उसकी ठोड़ी पर भी चोट आई। घटना की जांच के लिए क्राइम टीम और एफएसएल की टीम ने स्कूल पहुंचकर सबूत जुटाए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में ले लिया है और उसके आधार पर घटनाक्रम की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में हार्ट अटैक की आशंका जताई गई है, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

स्कूल की कक्षा में अचानक गिरी 9 साल की बच्ची, नहीं बच सकी जान
पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-2 स्थित एक निजी स्कूल में बुधवार सुबह नौ साल की छात्रा की अचानक गिरने से मौत हो गई। तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची खेल का समय खत्म होने के बाद अपनी कक्षा में पहुंची ही थी कि अचानक खड़े-खड़े फर्श पर गिर पड़ी। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। कक्षा में मौजूद शिक्षिका ने बच्ची को उठाकर बैठाने की कोशिश की और तुरंत स्कूल प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद छात्रा को पांडव नगर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बड़े अस्पताल में ले जाने की सलाह दी। स्कूल प्रशासन उसे निर्माण विहार के एक अन्य निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन वहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार और पुलिस को जानकारी दी गई। बेटी की मौत की खबर सुनकर परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे।
घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद
छात्रा की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एलबीएस अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया। शुरुआती जांच में हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है। घटना कक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
Falak Abdeen 