Delhi Air Pollution: 'हैरान हूं कि हम अभी जिंदा हैं...' दिल्ली की जहरीली हवा पर AIIMS डॉक्टर की बड़ी चेतावनी

दिल्ली की जहरीली हवा को लेकर AIIMS के डॉक्टर ने ऐसी चेतावनी दी है, जिसने चिंता बढ़ा दी है। आखिर क्यों उन्होंने कहा, 'हैरान हूं कि हम अभी जिंदा हैं'? क्या प्रदूषण के मौजूदा लक्षण आने वाले बड़े खतरे का संकेत हैं?

Delhi Air Pollution: 'हैरान हूं कि हम अभी जिंदा हैं...' दिल्ली की जहरीली हवा पर AIIMS डॉक्टर की बड़ी चेतावनी

दिल्ली-एनसीआर की हवा लगातार जहरीली होती जा रही है। प्रदूषण के बढ़ते स्तर को लेकर एम्स के डॉक्टर विजय हड्डा ने गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि पहले AQI तीन अंकों में रहता था, लेकिन अब यह चार अंकों तक पहुंच रहा है। उन्होंने हालात पर हैरानी जताते हुए कहा, "मैं तो हैरान हूं कि हम जिंदा हैं।" डॉक्टर विजय हड्डा ने बताया कि ग्रीन पटाखे भी प्रदूषण फैलाते हैं और लोग लगातार जहरीली हवा अपने शरीर में भर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि गले में खराश, आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण महज शुरुआत हैं। प्रदूषण का असर आने वाले वर्षों में और गंभीर रूप से सामने आ सकता है।

हर सांस के साथ शरीर में जा रहा प्रदूषण

डॉ. विजय हड्डा ने ग्रीन पटाखों को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने बताया कि ये सामान्य पटाखों के मुकाबले उत्सर्जन में केवल 30 प्रतिशत तक कमी करते हैं, जबकि करीब 70 प्रतिशत प्रदूषण फिर भी बना रहता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में AQI, जो पहले तीन अंकों में रहता था, अब चार अंकों तक पहुंच रहा है। दूसरे शहरों से दिल्ली की हवा की तुलना करें तो प्रदूषण के स्तर में करीब 50 प्रतिशत तक का अंतर दिखाई देता है। डॉक्टर ने चेताया कि ऐसे हालात में दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए आने वाले समय में मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

'दिल्ली की हवा में सांस लेना भी मुश्किल',

डॉ. विजय हड्डा ने दिल्ली की हवा की गंभीर स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि एक इंसान हर मिनट करीब 20 बार सांस लेता है और हर सांस के साथ लगभग आधा लीटर हवा शरीर में पहुंचती है। उन्होंने कहा, "मुझे सचमुच हैरानी होती है कि हम अब तक जिंदा हैं। मुझे नहीं लगता कि इस तरह की हवा इंसानों के रहने के लिए उपयुक्त है।" उन्होंने बताया कि लोग लगातार जहरीला धुआं सांस के जरिए शरीर में ले रहे हैं। इसका असर आने वाले समय में और गंभीर हो सकता है। डॉक्टर के मुताबिक, प्रदूषण के शुरुआती लक्षण लोग अभी से महसूस कर रहे हैं, जबकि इसके स्वास्थ्य पर लंबे समय तक पड़ने वाले प्रभाव आगे सामने आ सकते हैं।

स्वस्थ लोग भी गले में जलन और बेचैनी से परेशान

एम्स के प्रोफेसर डॉ. विजय हड्डा ने बताया कि प्रदूषण का असर अब केवल बीमार लोगों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी तरह स्वस्थ लोग भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके कई सहकर्मी गले में जलन और बेचैनी की शिकायत कर रहे हैं। वहीं, ओपीडी में इलाज कराने आए कई मरीज दोबारा इन्हीं परेशानियों के साथ लौट रहे हैं। डॉक्टर के मुताबिक, हर साल प्रदूषण बढ़ने पर ऐसे मामले सामने आते हैं, लेकिन हालात सामान्य होते ही लोग इन समस्याओं को भूल जाते हैं।

प्रदूषण के इन शुरुआती संकेतों को न करें नजरअंदाज

डॉ. विजय हड्डा के मुताबिक, प्रदूषित हवा का असर शरीर पर तुरंत दिखाई देने लगता है। उन्होंने बताया कि इन दिनों लोगों को सांस लेते समय हवा भारी महसूस हो रही है। लगातार गला सूखना, बार-बार खंखारना, नाक बंद होना, आंखों में जलन और आंखों से पानी आना प्रदूषण के शुरुआती लक्षण हैं। ये परेशानियां जहरीली हवा के संपर्क में आने के तुरंत बाद महसूस हो सकती हैं।