भिंड में छोटी-सी बात पर खूनी संघर्ष! पत्नी को चचेरे भाई के साथ हंसते देख भड़का पति, गर्भवती महिला घायल

भिंड के चिरावली गांव में पत्नी को चचेरे भाई के साथ हंसते देख पति भड़क गया. विवाद के दौरान बीच-बचाव करने आई गर्भवती महिला घायल, पुलिस ने केस दर्ज किया.

भिंड में छोटी-सी बात पर खूनी संघर्ष! पत्नी को चचेरे भाई के साथ हंसते देख भड़का पति, गर्भवती महिला घायल
Image Create By Meta AI

मध्य प्रदेश के भिंड जिले से ऐसी घटना सामने आई हैं, जिन्होंने आपसी रिश्तों में बढ़ते गुस्से और छोटी-छोटी बातों पर होने वाले बेकाबू विवादों को उजागर कर दिया है. पहली घटना लहार अनुभाग के रावतपुरा थाना क्षेत्र के चिरावली गांव की है, जहां मामूली सी हंसी-मजाक ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. 

पत्नी को चचेरे भाई के साथ हंसते देख भड़का पति

भिंड जिले के लहार अनुभाग के अंतर्गत आने वाले रावतपुरा थाना क्षेत्र के चिरावली गांव में एक अजीबोगरीब और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक पति को अपनी ही पत्नी का चचेरे भाई के साथ हंसी-मजाक करना इस कदर नागवार गुजरा कि उसने गुस्से में आकर तांडव मचा दिया. इस घटना में बीच-बचाव करने पहुंची उसकी गर्भवती पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई. 

क्या है पूरी घटना?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना शनिवार की रात करीब 10 बजे की है. चिरावली गांव में रहने वाला रवि रजक अपनी चचेरी भाभी हेमलता के पास ही बैठा हुआ था. इस दौरान हेमलता रसोई में खाना बना रही थीं और दोनों के बीच सामान्य बातचीत के साथ हंसी-मजाक चल रहा था. तभी वहां हेमलता का पति विवेक रजक पहुंच गया. जब उसने अपनी पत्नी और चचेरे भाई को आपस में हंसते-बोलते और मजाक करते देखा, तो उसका खून खौल उठा. गुस्से से लाल विवेक ने मौके पर ही गाली-गलौज शुरू कर दी। रवि ने जब उसकी इस हरकत का विरोध किया, तो विवेक ने आव देखा न ताव और रवि के साथ मारपीट शुरू कर दी.

गर्भवती पत्नी के पेट में आई चोट

घर के अंदर अचानक शुरू हुई इस लड़ाई और शोर-शराबे को देखकर हेमलता घबरा गई. वह अपने पति और चचेरे भाई के बीच हो रही हाथापाई को शांत कराने के लिए तुरंत बीच-बचाव करने आगे आई. इसी छीनाझपटी और हंगामे के बीच गर्भवती हेमलता के पेट में जोरदार चोट लग गई, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। घटना के तुरंत बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी बात बताई. 

पुलिस ने दर्ज किया मामला

रावतपुरा थाना प्रभारी परशुराम अहिरवार ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित परिवार के सभी सदस्य एक ही घर में संयुक्त रूप से रहते हैं। यह पूरा विवाद एक बहुत ही मामूली बात पर शुरू हुआ था। चूंकि बीच-बचाव के दौरान महिला के पेट में गंभीर चोट आई है, इसलिए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति विवेक रजक के खिलाफ मारपीट और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है.