फ्रेंच ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप: जापान की हिना अकेची को हराकर पीवी सिंधु ने फाइनल में जगह बनाई
जुलाई में जापान ओपन सुपर 750 जीतने वाली पीवी सिंधु ने फ्रेंच ओपन 2026 में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने दुनिया की 22वें नंबर की खिलाड़ी अकेची को एक घंटे 13 मिनट में 21-10, 20-22, 21-16 से हराया।
अब वर्ल्ड नंबर 1 एन से यंग से होगा सामना होगा
पीवी सिंधु ने कल पेरिस में जापान की हिना अकेची को रोमांचक मुकाबले में हराकर फ्रेंच ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बना ली है। सिंधु ने 73 मिनट तक चले कड़े सेमीफाइनल मुकाबले में हिना अकेची को 21-10, 20-22, 21-16 से पराजित किया।दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु इस सीजन में दूसरी बार सुपर 750 टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची हैं। इससे पहले उन्होंने जुलाई में जापान ओपन का खिताब जीता था।आज फाइनल में उनका मुकाबला दक्षिण कोरिया की विश्व नंबर एक खिलाड़ी आन से-यंग से होगा।
सेमीफाइनल में पीवी सिंधू को मिली जीत
इस साल की शुरुआत में इंडोनेशिया ओपन और सिंगापुर ओपन में पीवी सिंधु को इस कोरियाई खिलाड़ी के हाथों सीधे गेमों में हार का सामना करना पड़ा था। इसलिए रविवार का फाइनल पीवी सिंधु के लिए एक बड़ी चुनौती है हालांकि पेरिस में उनके हालिया प्रदर्शन को देखते हुए उनसे खिताब की उम्मीद की जा सकती है। वैसे सेमीफाइनल मैच की बात करें तो पहला गेम 8-8 तक काफी टक्कर वाला रहा, लेकिन सिंधु ने तेजी दिखाई और इंटरवल तक 11-9 की बढ़त बना ली। इसके बाद उन्होंने खेल पर पूरा नियंत्रण कर लिया और आखिरी 12 में से 11 अंक जीतकर 18 मिनट में 21-10 से गेम अपने नाम कर लिया।
निर्णायक गेम में सिंधू ने दिखाया दम
तीसरे गेम में सिंधू ने 5-3 की बढ़त के साथ शुरुआत की, लेकिन अकेची ने वापसी करते हुए 6-5 से बढ़त हासिल कर ली। भारतीय खिलाड़ी ने इसके बाद अपनी लय पकड़ी और ब्रेक तक दो अंकों की बढ़त बनाए रखी। अकेची ने हार नहीं मानी और शानदार नेट प्ले तथा स्मैश के दम पर स्कोर 15-15 कर दिया। इसके बाद 38 शॉट तक चली लंबी रैली में जापानी खिलाड़ी की नेट पर हुई गलती से सिंधू को 18-16 की बढ़त मिल गई। सिंधू ने इसके बाद लगातार दबाव बनाए रखा। शानदार नेट शॉट के बाद उन्हें मैच जीतने के चार मौके मिले। आखिरकार क्रॉस-कोर्ट स्मैश लगाकर उन्होंने मुकाबला 21-16 से जीत लिया और फाइनल में प्रवेश कर लिया।
फाइनल में एन से यंग की चुनौती
खिताबी मुकाबले में सिंधू के सामने दक्षिण कोरिया की शीर्ष खिलाड़ी एन से यंग होंगी। सिंधू जानती हैं कि यह चुनौती आसान नहीं होगी, क्योंकि एन से यंग शानदार फॉर्म में चल रही हैं।
